Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

मोदी, शाह और सीईसी ज्ञानेश कुमार को ‘वोट चोरी’ का खामियाजा भुगतना पड़ेगा: राहुल गांधी

मडगांव (गोवा), 18 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर्दे के पीछे से ‘वोट चोरी’ की योजना बनाते हैं, गृह मंत्री अमित शाह इसे अमलीजामा पहनाते हैं और मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार इसे अंजाम देते हैं।

गांधी ने दावा किया कि मोदी, शाह और मुख्य निर्वाचन आयुक्त की ‘‘रातों की नींद उड़ी हुई है’’। उन्होंने कहा कि उन्हें न्याय के कटघरे में लाया जायेगा और ‘वोट चोरी’ का खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

दक्षिण गोवा के मडगांव में एक रैली को संबोधित करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष गांधी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार द्वारा उन चुनिंदा अरबपतियों को सरकारी ठेके दिए जाते हैं, जो बदले में सरकार के इशारे पर काम करते हैं।

गांधी ने नयी दिल्ली में मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) और ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व किया था।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने रैली को संबोधित करने से पहले मडगांव में पार्टी की ‘गोय राखण यात्रा’ में शामिल हुए और कार्यकर्ताओं तथा नेताओं के साथ दो किलोमीटर पैदल चले।

उन्होंने कहा, ‘‘अब इसमें कोई संदेह नहीं रह गया है कि ज्ञानेश कुमार ‘वोट चोरी’ को अंजाम देते हैं, अमित शाह इसे अमलीजामा पहनाते हैं और प्रधानमंत्री मोदी पर्दे के पीछे से इसकी पूरी योजना बनाते हैं।’’

गांधी ने कहा कि कांग्रेस संविधान की रक्षक है। उन्होंने कहा कि मोदी, शाह और ज्ञानेश कुमार जानते हैं कि वे हमसे बचकर नहीं निकल सकते।

उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी, अमित शाह और ज्ञानेश कुमार को न्याय के कटघरे में लाया जायेगा और उन्होंने जो कुछ किया है, उसका खामियाजा उन्हें भुगतना पड़ेगा।’’

गोवा में 2027 के विधानसभा चुनावों में लोगों से कांग्रेस को पूर्ण बहुमत दिलाने की अपील करते हुए गांधी ने पार्टी कार्यकर्ताओं से राज्यभर में लोगों तक पहुंचने का सिलसिला जारी रखने का आग्रह किया।

उन्होंने कहा, ‘‘आप गोवा की चिंता कीजिए। दिल्ली में हम जल्द ही नरेन्द्र मोदी और अमित शाह से निपट लेंगे। आपको इसकी चिंता करने की जरूरत नहीं है। काम जारी है और उनका राजनीतिक अंत करीब आ रहा है।’’

गांधी ने कहा, ‘‘मैं आपको भरोसा दिलाता हूं कि हम मोदी, शाह और ज्ञानेश कुमार—तीनों से निपटेंगे। वे बचकर नहीं निकल सकते।’’

उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ मानहानि के 45 से अधिक मामले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि इनमें मोदी और शाह से जुड़े लोगों द्वारा दायर मामले भी शामिल हैं।

गांधी ने कहा कि हालांकि, प्रधानमंत्री पर ‘वोट चोरी’ में शामिल होने का आरोप लगाने के लिए उनके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है।

उन्होंने कहा, “उन्हें डर है कि अगर ‘वोट चोरी’ के आरोप में मामला दर्ज हो गया, तो यह पूरी तरह कानूनी मामला बन जाएगा और वे खुद इसमें फंस जाएंगे।”

कांग्रेस नेता ने दावा किया कि उनकी पार्टी ने सबूतों के साथ साबित किया है कि मध्य प्रदेश, हरियाणा, कर्नाटक, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल और असम में ‘वोट चोरी’ हुई है।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘विपक्ष के वोट काटे गए, सत्तारूढ़ पार्टी के पक्ष में वोट जोड़े गए और मतदाताओं को एक जिले से दूसरे जिले में स्थानांतरित किया गया। दूसरे राज्यों से भी मतदाताओं को लाकर शामिल किया गया।’’

गांधी ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं से चुनाव के दौरान सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि वे “संविधान के रक्षक” हैं और कथित चुनावी अनियमितताओं को उजागर करना उनकी जिम्मेदारी है।

भाषा देवेंद्र सुरेश

सुरेश