Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

तस्करी और सुरक्षा चिंताओं के चलते पाकिस्तान ने ईरान से लगती दो प्रमुख सीमाओं पर व्यापार रोका

कराची, 18 अक्टूबर (भाषा) पाकिस्तान ने सुरक्षा चिंताओं और तस्करी पर लगाम लगाने के लिए बलूचिस्तान प्रांत में ईरान से लगी दो प्रमुख सीमा चौकियों पर व्यापार को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। एक प्रांतीय अधिकारी ने यह जानकारी दी।

बलूचिस्तान के मुख्यमंत्री के मीडिया मामलों के सलाहकार शाहिद रिंद ने शनिवार को बताया कि वाणिज्य मंत्रालय द्वारा शुक्रवार को जारी अधिसूचना के तहत गब्द-रिमदान और ताफ्तान सीमा चौकियों को व्यापार के लिए बंद कर दिया गया है।

उन्होंने इस कदम को ''सीमा के दोनों ओर सुरक्षा स्थिति और प्रशासनिक मामलों को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक'' करार दिया।

रिंद ने कहा कि इस निलंबन का मकसद सीमा चौकियों पर चौकसी को बढ़ाना तथा सुरक्षा और तस्करी से जुड़ी चिंताओं का समाधान करना है।

ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी 'इरना' के अनुसार ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने इस बंदी को अस्थायी बताया है। बघाई ने इस निलंबन का कारण तकनीकी मुद्दों को बताया और कहा कि दोनों देश समस्या का समाधान करने तथा सामान्य परिचालन बहाल करने के लिए विचार-विमर्श कर रहे हैं।

भाषा पाण्डेय

पाण्डेय