नयी दिल्ली, 18 अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने दुर्गा पूजा के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं देते हुए रविवार को कहा कि यह त्योहार नारी शक्ति के सम्मान की हमारी परंपरा को दर्शाता है।
राष्ट्रपति ने अपने संदेश में कहा कि दुर्गा पूजा भारत की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा, ‘‘महिषासुर पर मां दुर्गा की विजय बुराई पर दैवीय शक्तियों की जीत का प्रेरक उदाहरण है।’’
मुर्मू ने कहा कि देवी दुर्गा की पूजा दूसरों के कल्याण के लिए कार्य करने का आशीर्वाद पाने के लिए की जाती है। यह त्योहार देशवासियों को एकजुट करने के साथ-साथ हमारी परंपराओं, जीवनशैली, कला और संस्कृति को भी खूबसूरती से प्रदर्शित करता है।
उन्होंने कहा कि देवी दुर्गा के प्रति सच्ची भक्ति तभी व्यक्त की जा सकती है, जब व्यक्तिगत और सामाजिक जीवन के हर क्षेत्र में महिलाओं का सम्मान सुनिश्चित किया जाए।
राष्ट्रपति ने कामना की कि मां दुर्गा का आशीर्वाद सभी देशवासियों के जीवन में सुख-समृद्धि लाए और देश तेजी से विकास के पथ पर आगे बढ़ता रहे। उन्होंने देश-विदेश में रह रहे सभी भारतीयों को दुर्गा पूजा की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
भाषा रंजन सुभाष
सुभाष