भुवनेश्वर, 18 अक्टूबर (भाषा) कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ में 19 लोगों की मौत हो जाने के बाद ओडिशा पुलिस ने पूजा समितियों से भीड़ प्रबंधन के लिए कतारबद्ध दर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
ओडिशा के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनयतोष मिश्रा ने यहां संवाददाताओं से कहा कि संकरे रास्तों पर अधिक भीड़ जमा होने से भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो सकती है।
उन्होंने कहा, ''जब बड़ी संख्या में लोग किसी संकरे रास्ते से गुजरते हैं, तो भगदड़ जैसी स्थिति उत्पन्न होने की आशंका हमेशा बनी रहती है। इसलिए हमने पूजा आयोजन समितियों से अपने पंडालों में कतारबद्ध दर्शन की व्यवस्था करने को कहा है।''
मिश्रा ने बताया कि श्रद्धालुओं की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए पंडालों के प्रवेश और निकास द्वारों पर पर्याप्त संख्या में पुलिसकर्मियों और स्वयंसेवकों को तैनात किया गया है।
डीजीपी ने कहा, ''हम सुनिश्चित करेंगे कि एक समय में बड़ी संख्या में लोगों को पंडालों के भीतर प्रवेश न दिया जाए। यदि पंडाल के अंदर कोई व्यक्ति गिर जाता है, तो प्रवेश बंद कर दिया जाएगा।''
डीजीपी ने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर पुलिस दल, झपटमारी रोधी दल, महिलाओं से छेड़खानी रोकने के लिए विशेष दल और त्वरित कार्रवाई बल भी तैनात किए गए हैं।
उन्होंने कहा कि पंडालों तक जाने वाली संकरी सड़कों पर चार पहिया वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित कर दी गई है। इसके अलावा, आयोजन स्थलों पर एंबुलेंस और अग्निशमन दल भी तैनात किए गए हैं।
कटक-भुवनेश्वर के पुलिस आयुक्त एस देव दत्त सिंह ने कहा कि अपने-अपने पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी पूजा समितियों की है, जबकि पुलिस व्यवस्था को नियंत्रित करने और आवश्यक सुरक्षा मुहैया कराने का काम कर रही है।
उन्होंने कहा, ''अपने पंडालों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना पूजा आयोजक समितियों की जिम्मेदारी है। हम व्यवस्था को नियंत्रित कर रहे हैं और आवश्यक सुरक्षा इंतजाम कर रहे हैं।''
सिंह ने बताया कि इस संबंध में कई बैठकें की गई हैं। सभी पूजा आयोजकों से भीड़ प्रबंधन के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने और पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों को तैनात करने को कहा गया है।
उन्होंने कहा, ''पूजा आयोजन के लिए दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। किसी भी तरह के उल्लंघन का पता चलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।''
पुलिस आयुक्त ने पंडालों में कतारबद्ध दर्शन की व्यवस्था लागू करने पर भी जोर दिया।
पुलिस महानिरीक्षक (आईजीपी), सेंट्रल रेंज, सत्यजीत नायक ने लोगों से दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण तरीके से मनाने और अनुशासन तथा सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
उन्होंने त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के महत्व पर जोर देते हुए लोगों से ओडिशा की सांस्कृतिक परंपराओं का सम्मान करने और उत्सव को शांतिपूर्ण एवं समावेशी बनाए रखने का आग्रह किया।
नायक ने लोगों को किसी संदेश, तस्वीर या वीडियो की प्रामाणिकता की पुष्टि किए बिना उस पर विश्वास करने या उसे प्रसारित करने से बचने की सलाह दी। उन्होंने चेतावनी दी कि अपुष्ट सूचनाओं और भड़काऊ सोशल मीडिया पोस्ट से भ्रम, भय और तनाव फैल सकता है तथा सांप्रदायिक सौहार्द बिगड़ सकता है।
कोलकाता के उत्तर में स्थित चोरबागान सार्वजनिन दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम बारिश के बीच भीड़ अचानक बढ़ने से भगदड़ मच गई थी। इस घटना में कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई और 25 अन्य घायल हो गए।
भाषा रवि कांत रवि कांत सुभाष
सुभाष