Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

चिराग ने सड़क पर प्रदर्शन के जरिए ‘सत्ता परिवर्तन’ की वकालत करने पर कांग्रेस को घेरा

पटना, 18 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने रविवार को कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह सड़क पर विरोध-प्रदर्शन के जरिए ‘सत्ता परिवर्तन’ की वकालत करके ‘‘फ्रांस और इटली की तरह देश में अराजकता’’ फैलाने की कोशिश कर रही है।

लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष ने पत्रकारों से कहा, ‘‘भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में मुख्य विपक्षी दल का सड़क पर विरोध प्रदर्शन के जरिए सत्ता परिवर्तन की बात करना बेहद आपत्तिजनक है। उन्हें पता होना चाहिए कि जहां भी ऐसी घटनाएं हुई हैं, वहां विदेशी ताकतों ने उन्हें प्रायोजित किया है और उससे अराजकता फैली है।’’

केंद्रीय मंत्री ने ‘ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन’ (आइसा) की अध्यक्ष नेहा बोरा का नाम लिए बिना विपक्ष से सवाल किया, ‘‘बांग्लादेश में जो हुआ, उसकी तारीफ करने वाली एक कार्यकर्ता को अपनी ‘पोस्टर गर्ल’ बनाकर विपक्षी दल क्या साबित करना चाहता है? क्या विपक्ष यहां भी वैसी ही अराजकता देखना चाहता है, जैसी नेपाल और बांग्लादेश में देखी गई और हाल में फ्रांस तथा इटली में देखने को मिली?’’

उन्होंने कहा कि विपक्ष को याद रखना चाहिए कि भारत में जब भी सत्ता परिवर्तन हुआ है, वह स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनावों के जरिए ही हुआ है।

भाजपा शासित उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे पासवान ने यह भी बताया कि उनके दिवंगत पिता रामविलास पासवान द्वारा स्थापित लोक जनशक्ति पार्टी का स्थापना दिवस अगले महीने लखनऊ में मनाया जाएगा।

चिराग ने कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश में हमारी पार्टी की मौजूदगी है और मुझे विश्वास है कि वहां के लोग हमें उतना ही स्नेह देंगे, जितना बिहार में मिला है।’’

भाषा शफीक नेत्रपाल

नेत्रपाल