Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

कर्नाटक भाजपा अध्यक्ष का दावा, कांग्रेस में मुख्यमंत्री शिवकुमार के नेतृत्व को लेकर अंसतोष

हुब्बाली, 18 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की कर्नाटक इकाई के अध्यक्ष बी वाई विजयेंद्र ने रविवार को आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के नेतृत्व को लेकर कांग्रेस के भीतर असंतोष है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में सत्ताधारी पार्टी के अंदर शिवकुमार को मुख्यमंत्री पद से हटाने की कोशिश की जा रही है।

विजयेंद्र ने कहा कि 23 अक्टूबर को होने वाले विधान परिषद चुनावों के बाद कांग्रेस के आंतरिक मतभेद और हाल के ‘स्टिंग ऑपरेशन’ से जुड़े सवाल सामने आ जाएंगे।

उन्होंने दावा किया, “प्रदेश कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं का मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार पर से भरोसा उठ गया है। हाल में हुए ‘स्टिंग ऑपरेशन’ से जुड़े घटनाक्रम कांग्रेस की आंतरिक राजनीति पर सवाल खड़े करते हैं। कांग्रेस के भीतर पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धरमैया को अपमानित करने की कोशिश की जा रही है। ऐसा लगता है कि ‘स्टिंग ऑपरेशन’ का केंद्र अब केपीसीसी (कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस कमेटी) कार्यालय से बदलकर विधान सौध हो गया है।”

विजयेंद्र ने हुब्बाली में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि ‘स्टिंग ऑपरेशन’ से जुड़े सवाल-जैसे कि इनके पीछे कौन था, किसे निशाना बनाया गया और इनका मकसद क्या था-आने वाले दिनों में और साफ हो जाएंगे।

उन्होंने आरोप लगाया कि मंत्रियों और कांग्रेस विधायकों के खिलाफ ‘स्टिंग ऑपरेशन’ किए गए थे।

विजयेंद्र ने दावा किया कि पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने इन घटनाक्रमों पर चर्चा की है और विधान परिषद चुनावों के बाद वे आगे की रणनीति तय करने के लिए आपस में मिल सकते हैं।

उन्होंने दावा किया, “राजनीतिक हलकों में शिवकुमार के नेतृत्व को लेकर असंतोष की चर्चा हो रही है। ऐसा लगता है कि मंत्रियों और कांग्रेस विधायकों के खिलाफ ‘स्टिंग ऑपरेशन’ किए गए हैं और सत्ता में बने रहने के लिए साजिशें रची जा रही हैं। कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ नेताओं ने इन सब पर चर्चा की है; वे सभी विधान परिषद चुनाव के बाद मिलेंगे और आने वाले दिनों में मुख्यमंत्री पद को लेकर कोई कदम उठा सकते हैं।”

विजयेंद्र ने अपनी पिछली भविष्यवाणी को याद किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि सिद्धरमैया को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देना पड़ेगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस नेताओं ने शुरू में उनकी इस बात को खारिज कर दिया था।

उन्होंने कहा, “मैं फिर से कह रहा हूं कि शिवकुमार को मुख्यमंत्री पद से हटाने के लिए कांग्रेस पार्टी के भीतर उच्च-स्तरीय बैठकें की जा रही हैं।”

विधान परिषद चुनाव को लेकर विजयेंद्र ने भरोसा जताया कि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार चारों सीट पर जीत दर्ज करेंगे। उन्होंने कहा कि राजग उम्मीदवारों की जीत सुनिश्चित करने के लिए भाजपा और जनता दल-सेक्युलर (जद-एस) के नेता और कार्यकर्ता मिलकर प्रचार कर रहे हैं।

भाषा पारुल नरेश

नरेश