चंडीगढ़, 18 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पंजाब इकाई के अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों रविवार को काली पगड़ी पहनकर सामने आए और कहा कि नशा विरोधी कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या में शामिल लोगों को इंसाफ मिलने तक वे इसे पहनना जारी रखेंगे।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि उनका यह कदम राज्य में कानून-व्यवस्था को संभालने के तरीके को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के खिलाफ एक विरोध प्रदर्शन है।
ढिल्लों ने कहा, 'यह काली पगड़ी महज एक कपड़ा नहीं है, बल्कि यह राज्य सरकार की विफलता के खिलाफ विरोध का प्रतीक है। पंजाब के युवाओं को नशे से बचाने के लिए जंग लड़ रहे हमारे बहादुर परविंदर सिंह झोटा की हत्या केवल एक युवक की क्षति नहीं है; यह पंजाब की कानून-व्यवस्था प्रणाली पर एक बड़ा आघात है।'
उन्होंने कहा, 'झोटा को न्याय दिलाने के लिए आज से मैंने खुद काली पगड़ी बांधी है और इस निकम्मी आप सरकार के खिलाफ संघर्ष की शुरुआत की है।'
ढिल्लों ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है और अपना विरोध जारी रखेगी। शनिवार को मनसा का दौरा करने वाले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने लोगों से ‘आप’ सरकार के खिलाफ विरोध में काली पगड़ी व काले दुपट्टे पहनकर और काले झंडे लेकर शामिल होने की अपील की।
भाषा सुमित रंजन
रंजन