कराची, 18 अक्टूबर (भाषा) पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत में रविवार को संगमरमर की खदान पर अज्ञात हथियारबंद हमलावरों ने हमला कर कम से कम 18 श्रमिकों का अपहरण कर लिया जबकि एक अन्य श्रमिक घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।
यह घटना खुजदार जिले के दूरदराज के नाल इलाके में तड़के उस समय हुई जब मोटरसाइकिलों और अन्य वाहनों पर सवार हथियारबंद हमलावर खदान स्थल पर पहुंच गए।
इस हमले की जिम्मेदारी किसी भी विद्रोही संगठन या व्यक्ति ने नहीं ली है।
पुलिस और प्रांतीय सरकार ने अभी तक घटना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। हालांकि, नाम उजागर नहीं करने की शर्त पर पुलिस के दो अधिकारियों ने बताया कि हमलावर 18 श्रमिकों को अपने साथ ले गए।
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘मोटरसाइकिलों और वाहनों पर आए लोगों ने गोलीबारी की और फिर मौके पर मौजूद श्रमिकों को एक जगह इकट्ठा किया तथा उनमें से 18 का अपहरण कर फरार हो गए।’’
उन्होंने बताया कि हमले में एक अन्य श्रमिक घायल हो गया। अपहृत श्रमिकों में से अधिकांश आसपास के गांवों और इलाकों के रहने वाले हैं।
भाषा प्रचेता नरेश
नरेश