Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

उप्र: वाराणसी की रामलीला में बेकाबू हुआ हाथी, महावत पर हमला कर किया घायल

वाराणसी / गोरखपुर, 18 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले के रामनगर में प्रसिद्ध रामलीला के लिए लाया गया एक हाथी रविवार को अचानक बेकाबू हो गया और उसने अपने महावत को सूंड से उठाकर पटक दिया।

पुलिस के अनुसार, गंभीर रूप से घायल महावत को उपचार के लिए काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया।

रामनगर थाना प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा ने बताया कि रामनगर की प्रसिद्ध रामलीला में पारंपरिक रूप से हाथी का इस्तेमाल किया जाता है।

उन्होंने बताया कि रामनगर के पंचवटी मैदान में रविवार पूर्वाह्न करीब साढ़े 10 बजे महावत छापलू हाथी को खाना देने गया तभी यह घटना हुई।

अधिकारी ने बताया कि हाथी ने महावत को अपनी सूंड से उठाकर जमीन पर पटक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

मिश्रा ने बताया कि महावत को बीएचयू के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया। पुलिस ने बताया कि मौके पर मौजूद लोगों में घटना के बाद अफरा-तफरी मच गई।

पुलिस ने बताया कि हाथी को सुरक्षित तरीके से नियंत्रित करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं और घटना की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग की टीम को भी मौके पर बुलाया जा रहा है, ताकि विशेषज्ञों की मदद से हाथी को काबू में किया जा सके और किसी अन्य व्यक्ति को नुकसान पहुंचने से रोका जा सके।

इस बीच, अधिकारियों ने बताया कि वाराणसी के रामनगर में उपद्रव मचाने वाले एक बेकाबू हाथी को पकड़ने में मदद करने के लिए गोरखपुर चिड़ियाघर के विशेषज्ञों की चार सदस्यीय टीम रवाना हुई।

उन्होंने बताया कि यह टीम दोपहर करीब एक बजे अपने साथ जरूरी दवाएं, बचाव के उपकरण और एक ट्रैंक्विलाइजर गन (बेहोश करने वाली बंदूक) लेकर निकली है।

अधिकारियों के मुताबिक, हाथी को सुरक्षित तरीके से काबू में करने के लिए गई टीम को गोरखपुर चिड़ियाघर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) योगेश प्रताप सिंह की देखरेख में भेजा गया है।

सिंह ने बताया कि विशेषज्ञ लगातार उनके संपर्क में हैं।

उन्होंने उम्मीद जताई कि टीम के मौके पर पहुंचने के बाद अभियान जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा।

भाषा सं सलीम आनन्‍द जितेंद्र

जितेंद्र