Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

मप्र: खरगे, राहुल, सिंधिया ने ग्वालियर मंदिर हादसे पर जताया दुख

ग्वालियर, 18 अक्टूबर (भाषा) मध्यप्रदेश के ग्वालियर जिले में शनिवार देर रात शीतला माता मंदिर के बाहर हुए हादसे में 15 लोगों की मौत पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने गहरा दुख व्यक्त किया।

खरगे ने कहा कि इस तरह के हादसे भीड़ प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े करते हैं और सरकार व प्रशासन की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

अधिकारियों के अनुसार, धान से लदा एक ट्रक शनिवार देर रात करीब डेढ़ बजे चिनौर रोड पर प्रतिबंधित क्षेत्र में घुस गया और शीतला माता मंदिर के बाहर नवरात्र की पूजा के लिए एकत्र श्रद्धालु व सड़क किनारे की दुकानों को टक्कर मारने के बाद मंदिर के प्रवेश द्वार से जा टकराया।

हादसे में मंदिर की दीवार का एक हिस्सा ढह गया और कई लोग मलबे में दब गए।

खरगे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “मध्यप्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास अनियंत्रित ट्रक की चपेट में आने से श्रद्धालुओं की मौत की खबर बेहद दुखद और हृदयविदारक है।”

उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

खरगे ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराएगी, प्रभावित परिवारों को उचित मुआवजा देगी और हरसंभव सहायता प्रदान करेगी।

उन्होंने कहा कि इस तरह के हादसे भीड़ प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े करते हैं और सरकार व प्रशासन की जवाबदेही तय की जानी चाहिए।

राहुल गांधी ने ‘एक्स’ पर कहा कि ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास अनियंत्रित ट्रक के कारण हुए भीषण हादसे में कई श्रद्धालुओं की मौत की खबर बेहद दुखद है।

उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में वह उनके साथ हैं।

उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि यह हादसा बेहद पीड़ादायक और हृदयविदारक है।

उन्होंने कहा, “मां शीतला के दर्शन करने आए श्रद्धालुओं का असमय निधन मेरे हृदय को गहरे दुख से भर गया है। मैं मध्यप्रदेश सरकार और प्रभारी मंत्री के लगातार संपर्क में हूं। राज्य सरकार ने मृतकों और घायलों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने के निर्देश जारी किए हैं।”

सिंधिया ने कहा कि सभी घायलों का मुफ्त इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।

मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने भी हादसे पर दुख व्यक्त किया।

उन्होंने कहा कि प्रभावित परिवारों का दुख शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।

तोमर ने मृतकों की आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवारों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

भाषा दिमो जितेंद्र

जितेंद्र