नयी दिल्ली, 18 अक्टूबर (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) को दिल्ली-पानीपत-करनाल और दिल्ली-गुरुग्राम-बहरोड़ के बीच प्रस्तावित नमो भारत कॉरिडोर के लिए जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है। यह उम्मीद ऐसे समय में जताई गई है जब क्षेत्रीय रैपिड रेल सेवा के संचालन के तीन साल पूरे हो रहे हैं।
एनसीआरटीसी ने बताया कि इन दो प्रस्तावित कॉरिडोर के अलावा गाजियाबाद-जेवर और नोएडा-फरीदाबाद-गुरुग्राम कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है।
निगम के अनुसार, 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ कॉरिडोर पर अक्टूबर 2023 में सेवा शुरू होने के बाद से अब तक चार करोड़ 50 लाख से अधिक लोगों ने यात्रा की है। इस कॉरिडोर पर वर्तमान में प्रतिदिन एक लाख दस हजार से अधिक यात्री सफर करते हैं।
एनसीआरटीसी ने हाल ही में एक दिन में करीब एक लाख 68 हजार यात्रियों के सफर करने का अपना अब तक का सर्वाधिक आंकड़ा भी दर्ज किया।
इसने नमो भारत के परिचालन के तीन साल पूरे होने पर एक कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें केंद्रीय आवास और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल, राज्य मंत्री तोखन साहू और वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
इस अवसर पर मनोहर लाल ने कहा कि रैपिड रेल सेवा क्षेत्रीय संपर्क के एक नए दौर की शुरुआत कर रही है और शहरी परिवहन को एक नया आयाम दे रही है।
निगम के अनुसार, दो अन्य प्राथमिकता वाले नमो भारत कॉरिडोर- दिल्ली-पानीपत-करनाल और दिल्ली-गुरुग्राम-बहरोड़ को भी जल्द मंजूरी मिलने की संभावना है।
इसके अलावा, गाजियाबाद-जेवर और नोएडा-फरीदाबाद-गुरुग्राम कॉरिडोर की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार करने का काम भी जारी है।
भाषा
शुभम नेत्रपाल
नेत्रपाल