Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

मिनी कूपर हादसा: आरोपी की मां ने पीड़ित परिवारों के प्रति एकजुटता जताई

कोच्चि, 18 अक्टूबर (भाषा) केरलम के नेदुंबस्सेरी में मिनी कूपर कार दुर्घटना में तीन लोगों की मौत के मामले में मुख्य आरोपी सुहैल की मां नूहा ने रविवार को मृतकों के परिवारों के प्रति एकजुटता व्यक्त करते कहा कि वह उनके दर्द को समझती हैं।

नूहा ने इंस्टाग्राम पर अपने ‘इहा डिजाइन’ पेज पर एक वीडियो पोस्ट किया।

उन्होंने वीडियो में कहा, ‘‘जब हम अपने बच्चों को इतने प्यार से पालते हैं, उन्हें बड़ा होते देखते हैं और उनके सपनों तथा भविष्य की राह देखते हैं... इन सभी के बीच उन्हें खो देना एक ऐसा दर्द है जिसकी हम कल्पना भी नहीं कर सकते। मैं इसे समझती हूं।’’

शोकाकुल परिवारों के प्रति समर्थन जताते हुए नूहा ने कहा कि वह और उनका परिवार दुख की इस घड़ी में उनके साथ खड़े रहेंगे।

उन्होंने कहा, ‘‘एक मां और समाज के एक सदस्य के तौर पर, मैं उन तीनों लोगों (मृतक) के परिवारों को अपना समर्थन देना चाहती हूं। मैं और मेरा परिवार उनके साथ खड़े हैं। जब तक हम यहां हैं, हम उन परिवारों का समर्थन करते रहेंगे।’’

दुर्घटना की परिस्थितियों को लेकर नूहा ने कहा कि मामले की जांच निष्पक्ष रूप से आगे बढ़नी चाहिए और सच्चाई सामने आनी चाहिए।

सोशल मीडिया पर घटना को लेकर हो रही व्यापक चर्चा को देखते हुए उन्होंने लोगों से सहानुभूति दिखाने और उनके परिवार की निजता का सम्मान करने की अपील की।

इस बीच, अधिकारियों ने रविवार को बताया कि मोटर वाहन विभाग (एमवीडी) ने मामले के मुख्य आरोपी सुहैल को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

उन्होंने कहा कि यह नोटिस सुहैल का ‘ड्राइविंग लाइसेंस’ रद्द या निलंबित करने की कार्रवाई के तहत जारी किया गया है।

अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना मामले की जांच कर रही पुलिस की सिफारिश के आधार पर एर्नाकुलम के क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (आरटीओ) ने यह नोटिस जारी किया।

नोटिस में सुहैल से 14 दिन के भीतर जवाब देने को कहा गया है।

उन्होंने बताया कि सुहैल का जवाब मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

एमवीडी के अधिकारियों के मुताबिक, विभाग को पुलिस से एक विस्तृत रिपोर्ट मिली है, जिसमें सुहैल का ड्राइविंग लाइसेंस रद्द करने की सिफारिश की गई है।

अधिकारियों ने बताया कि शराब के नशे में लापरवाही से वाहन चलाने के अलावा पुलिस ने पाया कि मिनी कूपर के ‘एग्जॉस्ट सिस्टम’ में भी बदलाव किया गया था, जिससे बहुत तेज आवाज निकलती थी।

आरोप है कि 11 अक्टूबर की तड़के सुहैल (19) कार चला रहा था, तभी नदुंबस्सेरी में हवाई अड्डा मार्ग पर कार ने तीन लोगों को ले जा रहे एक स्कूटर को टक्कर मार दी।

घटना में दोपहिया सवार दो महिलाओं और एक पुरुष की मौत हो गई। तीनों की उम्र करीब 21 वर्ष थी।

पुलिस ने मामले के सिलसिले में निनव, अमीर और जोएल को भी गिरफ्तार किया है। हादसे के समय वे भी कार में सवार थे।

शनिवार को एक अदालत ने चारों आरोपियों की जमानत याचिकाएं खारिज कर दीं।

भाषा प्रचेता नेत्रपाल

नेत्रपाल