Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

देशपांडे के चार विकेट से मुंबई पहली पारी में बढ़त की ओर

बिलासपुर, 18 अक्टूबर (भाषा) तेज गेंदबाज तुषार देशपांडे के चार विकेट की मदद से मुंबई ने रविवार को यहां रणजी ट्रॉफी ग्रुप डी मुकाबले के पहले दिन हिमाचल प्रदेश की पहली पारी को 140 रन पर समेटकर बढ़त हासिल करने की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाए।

दिन का खेल समाप्त होने तक मुंबई ने 36 ओवर में दो विकेट पर 107 रन बना लिए हैं। उसे पहली पारी में बढ़त हासिल करने के लिए केवल 33 रन और बनाने हैं जबकि उसके आठ विकेट शेष हैं।

देशपांडे ने 46 रन देकर चार विकेट चटकाए। उन्होंने परिस्थितियों का फायदा उठाते हुए अनुशासित और आक्रामक गेंदबाजी से हिमाचल के बल्लेबाजों को परेशान किया। उनकी शानदार गेंदबाजी के सामने मेजबान टीम 39.5 ओवर में सिमट गई।

मुंबई की शुरुआत भी खराब रही। दिव्यांश सक्सेना नौ रन बनाकर आउट हुए जबकि अंगकृष रघुवंशी ने 20 रन का योगदान दिया।

इसके बाद मुशीर खान (नाबाद 34) और कप्तान सिद्धेश लाड (नाबाद 32) ने तीसरे विकेट के लिए 75 रन की अटूट साझेदारी की और मुंबई को बढ़त के करीब पहुंचा दिया।

देशपांडे ने मैच की पहली ही गेंद पर शुभम अरोड़ा को खाता खोले बिना आउट कर मुंबई को शानदार शुरुआत दिलाई। उन्होंने तीसरे ओवर में नेहल वढेरा (आठ) को पगबाधा आउट किया। सलामी बल्लेबाज इनेश महाजन (11) को मोहित अवस्थी ने आउट किया।

हिमाचल के कप्तान पुखराज मान (35), विकेटकीपर वैभव कालिता (33) और आकाश वशिष्ठ (39) ने कुछ देर विकेटों का पतन रोका लेकिन उनके प्रयास टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाने के लिए पर्याप्त नहीं रहे। देशपांडे और उनके साथी तेज गेंदबाज सिल्वेस्टर डिसूजा (43 रन देकर दो विकेट) लगातार विकेट चटकाते रहे जिससे हिमाचल की पारी जल्द सिमट गई।

चेन्नई में तमिलनाडु के तेज गेंदबाज गुरजपनीत सिंह (34 रन देकर चार विकेट) और बाएं हाथ के स्पिनर आर साई किशोर (40 रन देकर चार विकेट) ने मिलकर आठ विकेट चटकाए जिससे उत्तराखंड की पहली पारी 56.2 ओवर में 134 रन पर सिमट गई।

उत्तराखंड के लिए अवनीश सुधा (54) और मयंक मिश्रा (33) ही टिककर खेल सके।

इसके जवाब में नारायण जगदीशन (37) और प्रदोष रंजन पॉल (नाबाद 37) ने तमिलनाडु को दिन का खेल समाप्त होने तक दो विकेट पर 85 रन तक पहुंचाया। तमिलनाडु की टीम उत्तराखंड की पहली पारी के स्कोर से अभी 49 रन पीछे है।

रोहतक में अमन कुमार (21 रन पर तीन विकेट), अजित चहल (17 रन पर तीन विकेट) और अनुज ठकराल (34 रन पर तीन विकेट) की शानदार गेंदबाजी से चंडीगढ़ को 103 रन पर ढेर करने के बाद हरियाणा ने चार विकेट पर 139 रन बनाकर पहली पारी के आधार पर 36 रन की बढ़त हासिल कर ली है।

जयपुर में रेलवे के खिलाफ राजस्थान ने सचिन यादव (नाबाद 115) और करण लांबा (नाबाद 89) की नाबाद पारियों की बदौलत दो विकेट पर 247 रन बनाकर मजबूत शुरुआत की।

भाषा सुधीर नमिता

नमिता