Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

पाकिस्तान के वैश्विक वित्तीय नेतृत्व के दावे को पूर्व आईएमएफ निदेशक सुब्रमण्यन ने किया खारिज

नयी दिल्ली, 18 अक्टूबर (भाषा) अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) में भारत के पूर्व कार्यकारी निदेशक कृष्णमूर्ति वी सुब्रमण्यन ने पाकिस्तान के वैश्विक वित्तीय नेतृत्व में लौटने के दावे को खारिज करते हुए रविवार को कहा कि आईएमएफ और विश्व बैंक के शासी मंडल की अध्यक्षता केवल औपचारिक होती है और यह हर साल बदलती रहती है।

सुब्रमण्यन ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “दावा है कि पाकिस्तान 74 साल बाद वैश्विक वित्त के शीर्ष मंच पर लौट रहा है। हकीकत यह है कि पाकिस्तान 2027 में आईएमएफ और विश्व बैंक की वार्षिक पूर्ण बैठक की अध्यक्षता करेगा। यह अध्यक्षता पूरी तरह औपचारिक है और हर साल बदलती है। इस साल पराग्वे और 2025 में केप वर्डे के पास यह जिम्मेदारी थी। यह प्रोटोकॉल है, शक्ति नहीं।”

पाकिस्तान के आर्थिक मामलों के मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा था कि पाकिस्तान को 2027 के लिए अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) और विश्व बैंक समूह (डब्ल्यूबीजी) के शासी मंडल का अगला अध्यक्ष नामित किया गया है। वर्ष 1953 के बाद पहली बार पाकिस्तान को यह पद मिलेगा।

सुब्रमण्यन ने एक अन्य पोस्ट में कहा, “भारत की जी20 और ब्रिक्स की अध्यक्षता की तुलना पाकिस्तान की आईएमएफ-विश्व बैंक की वार्षिक पूर्ण बैठक की बारी-बारी से मिलने वाली अध्यक्षता से करना गलत तुलना है।”

उन्होंने कहा, “भारत की जी20 अध्यक्षता ने वैश्विक आर्थिक सहयोग के एक प्रमुख मंच का एजेंडा तय किया, जबकि ब्रिक्स की अध्यक्षता के दौरान उभरती अर्थव्यवस्थाओं के मंच को आगे बढ़ाया गया। इसके विपरीत, पाकिस्तान की भूमिका एक वार्षिक बैठक की अध्यक्षता करने तक सीमित है।”

पाकिस्तान के आर्थिक मामलों के मंत्री अहद खान चीमा को बैंकॉक में आयोजित 2026 की आईएमएफ और विश्व बैंक समूह की वार्षिक बैठकों के पूर्ण सत्र में औपचारिक रूप से अगला अध्यक्ष घोषित किया गया। चीमा विश्व बैंक में पाकिस्तान के गवर्नर भी हैं।

पाकिस्तान के मंत्रालय ने इस घटनाक्रम को ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि अध्यक्षता से इस्लामाबाद को वैश्विक आर्थिक एवं विकास संबंधी चर्चाओं में योगदान देने और सदस्य देशों के बीच रचनात्मक संवाद को बढ़ावा देने का अवसर मिलेगा।

भाषा योगेश पाण्डेय

पाण्डेय