जयपुर, 18 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष मदन राठौड़ से पाकिस्तान संबंधी विवादित बयान पर बिना शर्त माफी की मांग की।
गहलोत ने कहा कि राठौड़ बार-बार सफाई देकर मामले को सुलझाने के बजाय और उलझा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि राठौड़ को ईमानदारी से बिना किसी शर्त के माफी मांगते हुए खेद जताना चाहिए।
गहलोत ने कहा, “माफी मांगने के बजाय राठौड़ मीडिया पर आरोप लगा रहे हैं और पूछ रहे हैं कि पत्रकार उन्हें क्यों घेर रहे हैं। मीडिया उनके मुंह में शब्द नहीं डाल रहा है, बल्कि वही दिखा रहा है जो उन्होंने वास्तव में कहा था।”
उन्होंने कहा कि राठौड़ की मंशा या बयान का संदर्भ कुछ और हो सकता है लेकिन पाकिस्तान का जिक्र लोगों को पुलवामा आतंकी हमले और जम्मू-कश्मीर में हुई अन्य घटनाओं की याद दिलाता है।
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ने कहा, “लोग पाकिस्तान से जुड़े आतंकवादी हमलों और हत्याओं को नहीं भूल सकते। उनके (राठौड़ के) बयान को लेकर लोगों में व्यापक आक्रोश है।”
उन्होंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर शनिवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राजस्थानभर में प्रदर्शन किए थे।
गहलोत ने कहा कि जब तक राठौड़ स्पष्ट रूप से माफी मांगकर जनता के सामने अपनी बात नहीं रखते, तब तक भाजपा के लिए इस जनाक्रोश को नियंत्रित करना मुश्किल होगा।
राठौड़ ने पिछले सप्ताह जयपुर में एक कार्यक्रम के दौरान यह कहकर विवाद खड़ा कर दिया था, “अगर आज अमेरिका और पाकिस्तान के बीच युद्ध छिड़ता है तो हम पाकिस्तान के साथ खड़े होंगे, क्योंकि वह हमारा पड़ोसी है। लेकिन जब हमारे मतभेदों की बात आती है तो हम भारत के साथ खड़े होते हैं।”
बयान की आलोचना होने के बाद राठौड़ ने दावा किया था कि उनकी बात को संदर्भ से अलग करके पेश किया गया।
उन्होंने कहा था कि वह अमेरिका और पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच की बात कर रहे थे, न कि युद्ध की।
राठौड़ ने आरोप लगाया था कि उनके बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया। भाषा बाकोलिया जितेंद्र
जितेंद्र