भुवनेश्वर/नयी दिल्ली, 18 अक्टूबर (भाषा) ओडिशा में 2024 की पुलिस उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा के प्रश्नपत्र ‘लीक’ होने के मामले की जांच में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) को ओडिशा पुलिस भर्ती बोर्ड (ओपीआरबी) के कुछ ऐसे अधिकारियों और निजी संस्थाओं की भूमिका होने का पता चला है, जो अब तक जांच के दायरे से बाहर रहे हैं। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि इनकी भूमिका की जांच के अलावा केंद्रीय एजेंसी अपराध से अर्जित धन के लेन-देन का पता लगाने की भी कोशिश कर रही है।
आरोप है कि अभ्यर्थियों से नकद धन अर्जित कर इसका इस्तेमाल अवैध संपत्तियां बनाने में किया गया। एजेंसी धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत ऐसी संपत्तियों को कुर्क भी कर सकती है।
ईडी ने पिछले सप्ताह ओडिशा और पश्चिम बंगाल में करीब एक दर्जन ठिकानों पर तलाशी ली थी। इनमें निजी कंपनियों सिलिकॉन टेकलैब प्राइवेट लिमिटेड (एसटीपीएल), पंचसॉफ्ट टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड और पीएसआईएल इंटरनेशनल लिमिटेड के ठिकाने शामिल थे। ये कंपनियां परीक्षा आयोजित कराने में शामिल थीं।
अधिकारियों ने बताया कि नए साक्ष्य और जानकारी मिलने के बाद जांच का दायरा बढ़ाया जा रहा है, जिसमें ओपीआरबी के कुछ अधिकारियों की भूमिका की जांच भी शामिल है।
भाषा शफीक नरेश
नरेश