Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

चाकारा ने डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप जीती, लाहिड़ी संयुक्त 23वें स्थान पर रहे

नयी दिल्ली, 18 अक्टूबर (भाषा) स्पेन के गोल्फर यूजीनियो चाकारा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रविवार को यहां दो शॉट के अंतर से डीपी वर्ल्ड इंडिया चैंपियनशिप का खिताब जीता जबकि भारतीय खिलाड़ियों में अनिर्बान लाहिड़ी ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया और वह संयुक्त 23वें स्थान पर रहे।

चाकारा के लिए दिल्ली गोल्फ क्लब में रविवार का दिन काफी व्यस्त रहा। खराब मौसम से प्रभावित इस टूर्नामेंट के अंतिम दिन उन्होंने 25 होल खेले। इसके बावजूद उन्होंने अपनी लय बनाए रखी और इस सत्र का अपना तीसरा डीपी वर्ल्ड टूर खिताब जीतकर रेस टू दुबई रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंच गए।

उन्होंने अंतिम राउंड में दो अंडर 70 का स्कोर बनाकर 21 अंडर 267 के साथ खिताब अपने नाम किया।

न्यूजीलैंड के डेनियल हिलियर ने अंतिम समय में जोरदार चुनौती पेश करते हुए चाकारा की छह शॉट की बढ़त को घटाकर दो शॉट कर दिया। उन्होंने 19-अंडर के स्कोर के साथ दूसरा स्थान हासिल किया। चाकारा ने दबाव में भी संयम बनाए रखा और कुल मिलाकर अपना चौथा डीपी वर्ल्ड टूर खिताब जीता।

इस जीत के साथ ही चाकारा ने रेस टू दुबई तालिका में अमेरिका के पैट्रिक रीड को पीछे छोड़ते हुए शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। इससे सत्र के आखिर में खिताब जीतने की उनकी दावेदारी और मजबूत हो गई।

इस 26 वर्षीय खिलाड़ी ने रविवार की सुबह समाप्त हुए तीसरे दौर में सात अंडर 63 का स्कोर बनाकर अंतिम दौर की शुरुआत पांच शॉट की बढ़त के साथ की थी।

भारतीय खिलाड़ियों में लाहिड़ी ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। उन्होंने अंतिम दौर में चार अंडर का 68 का स्कोर बनाकर कुल आठ अंडर 280 का स्कोर हासिल किया, जबकि युवराज संधू पांच अंडर के स्कोर के साथ संयुक्त 34वें स्थान पर रहे। उन्होंने भी अंतिम दौर में 68 का स्कोर बनाया।

भाषा

पंत नमिता

नमिता