Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

आतंकियों से संबंधों के आरोप में एक व्यक्ति गिरफ्तार: कर्नाटक के गृह मंत्री

कलबुर्गी (कर्नाटक), 18 अक्टूबर (भाषा) कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खरगे ने रविवार को कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से आतंकी संगठनों से कथित संबंध रखने के आरोप में यहां एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ जांच जारी है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की एजेंसियों और राज्य सरकार के आंतरिक सुरक्षा प्रभाग के संयुक्त अभियान के बाद मूल रूप से कर्नाटक के बाहर के रहने वाले दो युवकों पर संदेह हुआ था।

खरगे ने संवाददाताओं से कहा, ''केंद्र सरकार और राज्य सरकार के आंतरिक सुरक्षा प्रभाग को सूचना मिली थी कि दो युवक सोशल मीडिया के माध्यम से आतंकवादियों के संपर्क स्थापित कर रहे हैं। इसके बाद संयुक्त अभियान में उन्हें हिरासत में लिया गया।''

उन्होंने कहा कि जांच के दौरान पता चला कि उनमें से एक संदिग्ध आतंकी नेटवर्क के लगातार संपर्क में था, जबकि दूसरा इस संबंध में किसी के संपर्क में नहीं था।

मंत्री ने कहा, ''हमने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और दूसरे के खिलाफ जांच जारी है।''

खरगे ने कहा कि पिछले दो से तीन महीनों में इस तरह का यह पांचवां मामला सामने आया है। उन्होंने बताया कि इन मामलों में शामिल व्यक्ति उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे।

उन्होंने कहा, ''हमने इस मामले को गंभीरता से लिया है। हम प्रवासी श्रमिकों की सोशल मीडिया गतिविधियों और अन्य गतिविधियों की जांच कर रहे हैं। हम इसे हल्के में नहीं लेंगे और भारत सरकार के साथ समन्वय करके आवश्यक कार्रवाई करेंगे।''

भाषा

शुभम प्रशांत

प्रशांत