Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

श्रीनगर जा रही बस पर पथराव, यात्री और ढाबा कर्मी घायल; दो आरोपी हिरासत में लिए गए

करनाल, 18 अक्टूबर (भाषा) हरियाणा के करनाल जिले में पार्किंग से जुड़े विवाद के बाद श्रीनगर (जम्मू-कश्मीर) जा रही बस पर पथराव करने के आरोप में दो लोगों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि यह घटना शनिवार रात करीब 11:30 बजे करनाल के ‘डिवाइन स्टार ढाबा’ के पार्किंग क्षेत्र में हुई। इसने बताया कि घटना में एक यात्री और एक ढाबा कर्मचारी घायल हो गए।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घटना पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि उनके कार्यालय ने हरियाणा सरकार के समक्ष यह मामला उठाया है।

उमर ने बताया कि हरियाणा सरकार ने कानून के अनुसार त्वरित और सख्त कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया है।

उन्होंने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘जम्मू-कश्मीर सरकार प्रभावित यात्रियों के साथ खड़ी है और स्थिति पर करीबी नजर रख रही है।’’

पुलिस महानिरीक्षक (करनाल रेंज) अश्विन शेनवी ने बताया कि करनाल के रहने वाले दो युवक ढाबा पहुंचे थे और अपनी कार पार्किंग क्षेत्र में खड़ी की थी। उन्होंने बताया कि दिल्ली से श्रीनगर जा रही बस भी ढाबे की पार्किंग में खड़ी थी।

शेनवी के मुताबिक, कार को मोड़कर आगे बढ़ाने की कोशिश के दौरान युवकों ने बस में टक्कर मार दी, जिसके बाद दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई, जो बाद में हाथापाई में बदल गई।

उन्होंने बताया कि झगड़े में बस के कुछ यात्री और ढाबे के कर्मचारी भी शामिल हो गए। शेनवी ने कहा कि कि बहस के दौरान दोनों युवकों ने बस पर पत्थर फेंके, जिससे खिड़कियों के शीशे टूट गए और सीट क्षतिग्रस्त हो गईं।

पुलिस महानिरीक्षक के अनुसार, पथराव के दौरान एक यात्री और एक ढाबा कर्मचारी को चोटें आईं। उन्होंने बताया कि बस देर रात करीब 1:30 बजे गंतव्य के लिए रवाना हुई।

शेनवी ने कहा कि बस पर पथराव पार्किंग को लेकर हुए विवाद का नतीजा था और यह घृणा अपराध का मामला नहीं है। उन्होंने लोगों से सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।

पुलिस के मुताबिक, शुरू में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी और बस देर रात श्रीनगर के लिए रवाना हो गई।

इसने बताया कि बाद में ढाबा प्रबंधक की शिकायत के आधार पर बुटाना थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई और दोनों आरोपियों-मोहित तथा सावन को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों की कार भी कब्जे में ले ली गई है।

इसने लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है।

भाषा पारुल नेत्रपाल

नेत्रपाल