श्रीनगर, 18 अक्टूबर (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जम्मू कश्मीर इकाई, अवामी इत्तेहाद पार्टी (एआईपी) और कश्मीर के धर्मगुरु मीरवाइज उमर फारूक ने हरियाणा में श्रीनगर जा रही एक 'स्लीपर बस' पर पथराव की घटना की रविवार को निंदा की। उन्होंने इसके लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और कश्मीरी यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
यह घटना शनिवार रात करीब 11.30 बजे हरियाणा के करनाल जिले में डिवाइन स्टार ढाबा के पार्किंग क्षेत्र में हुई।
जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने घटना को लेकर कहा था कि उनके कार्यालय ने मामले को हरियाणा सरकार के समक्ष उठाया है जिसने कानून के अनुसार त्वरित और सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।
भाजपा प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने एक बयान में कहा, ‘‘मोदी के भारत में इस तरह की घटनाएं कतई स्वीकार्य नहीं हैं। कश्मीरी भी देश के हर हिस्से में उसी गरिमा, सम्मान और आतिथ्य के हकदार हैं, जिसके हकदार अन्य नागरिक हैं। सिर्फ कश्मीर से होने के आधार पर किसी को परेशान, प्रताड़ित या अपमानित नहीं किया जाना चाहिए।’’
ठाकुर ने कहा कि कश्मीरी भारत के एक अभिन्न अंग हैं और उन्हें बिना किसी डर या भेदभाव के देश में कहीं भी यात्रा करने, काम करने और अपनी आजीविका कमाने का पूरा अधिकार होना चाहिए।
उन्होंने घटना की निष्पक्ष जांच करने और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की।
वहीं, लोकसभा सदस्य शेख अब्दुल रशीद की अगुवाई वाली एआईपी के प्रवक्ता इनाम नबी द्वारा हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को लिखे एक पत्र में घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज करने, दोषियों को गिरफ्तारी और बस को हुए नुकसान के मुआवजे की मांग की थी।
वहीं, फारूक ने भी घटना की निंदा करते हुए सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हरियाणा में कश्मीर आ रही एक बस पर हुए हमले की जानकारी से व्यथित हूं, जिसमें एक बुजुर्ग यात्री घायल हो गया और अन्य लोग सहमे हुए हैं। जम्मू-कश्मीर में पंजीकृत वाहनों को दी जा रही धमकियों की खबर से लोगों में चिंता पैदा हो रही है। अधिकारियों को कश्मीरी यात्रियों की सुरक्षा करनी चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ त्वरित तथा सख्त कानूनी कार्रवाई करनी चाहिए।’’
पुलिस महानिरीक्षक (करनाल रेंज) अश्विन शेनवी के अनुसार, दिल्ली से श्रीनगर जा रही बस 'डिवाइन स्टार ढाबा' के पार्किंग क्षेत्र में रुकी थी तभी कुरुक्षेत्र जिले के यूनिसपुर गांव के दो युवक एक कार में वहां पहुंचे और वाहन को आगे-पीछे करते हुए बस को टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि इस दौरान हुई कहासुनी हाथापाई में बदल गई, जिसमें कुछ यात्री और ढाबे के कर्मचारी भी शामिल हो गए।
पुलिस ने बताया कि दोनों व्यक्तियों ने बस पर पथराव भी किया, जिससे उसकी खिड़कियों के शीशे टूट गए और सीटों को नुकसान पहुंचा। घटना में एक यात्री और ढाबे का एक कर्मचारी घायल हो गए।
पुलिस ने इस संबंध में एक प्राथमिकी दर्ज कर पूछताछ के लिए दोनों व्यक्तियों को हिरासत में लिया है। शेनवी ने बताया कि इसके बाद बस देर रात करीब 1.30 बजे श्रीनगर के लिए रवाना हो गई।
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत