Breaking News

टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग के एक संदिग्ध को कोटा से हिरासत में लिया गया     |   हैदराबाद के पास सड़क हादसा, खड़ी लॉरी से टकराई RTC बस, 15 घायल     |   कनाडाई सैन्य अड्डे पर घास में लगी आग, 4 लोगों की मौत     |   तेल अवीव-वियना फ्लाइट को मिली बम से उड़ाने की धमकी, बुल्गारिया में कराई गई इमरजेंसी लैंडिंग     |   भारत छोड़ने के नोटिस को इमरान खान ने दी चुनौती, बॉम्बे हाई कोर्ट में सुनवाई आज     |  

राहुल गांधी गोवा में कांग्रेस की ‘गोय राखण यात्रा’ में शामिल हुए, दो किलोमीटर पैदल चले

पणजी, 18 अक्टूबर (भाषा) कांग्रेस नेता राहुल गांधी रविवार को मडगांव में पार्टी की ‘गोय राखण यात्रा’ में शामिल हुए और कार्यकर्ताओं तथा नेताओं के साथ दो किलोमीटर पैदल चले।

राहुल गांधी जनसंपर्क कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए अपराह्न डाबोलिम हवाई अड्डे पहुंचे। बाद में वह मडगांव क्रिकेट क्लब (एमसीसी) मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे।

इस यात्रा में गांधी के साथ एआईसीसी के गोवा प्रभारी माणिकराव ठाकरे, सह-प्रभारी डॉ. अंजलि निंबालकर, विधानसभा में विपक्ष के नेता यूरी आलेमाओ और गोवा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गिरीश चोडणकर सहित अन्य नेता भी शामिल हुए।

आलेमाओ और चोडणकर के नेतृत्व में 22 सितंबर से शुरू की गई 27 दिवसीय ‘गोय राखण यात्रा’ रविवार को संपन्न होगी।

यह यात्रा राज्य के सभी 40 विधानसभा क्षेत्रों में निकाली गई। इसका उद्देश्य 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले जमीनी स्तर पर कांग्रेस की मौजूदगी को मजबूत करना है।

कांग्रेस ने कहा कि ‘गोय राखण यात्रा’ (गोवा बचाओ अभियान) राज्य की जमीन, पर्यावरण, सांस्कृतिक विरासत और पहचान की रक्षा के लिए शुरू किया गया आंदोलन है।

पार्टी ने इस अभियान के दौरान भूमि के उपयोग में बदलाव, कथित तौर पर जमीन हड़पने, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, सार्वजनिक सुरक्षा और गोवा की विशिष्ट सामाजिक एवं सांस्कृतिक पहचान के संरक्षण संबंधी मुद्दे उठाए।

भाषा प्रचेता नरेश

नरेश