जम्मू, 18 अक्टूबर (भाषा) जम्मू-कश्मीर पुलिस ने चीन से जुड़े लोगों समेत विदेशी खुफिया एजेंट के साथ संवेदनशील जानकारी एकत्र करने और साझा करने के आरोप में सेना के एक अधिकारी की पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार, महिला कुछ शोध संबंधी गतिविधियों में शामिल थी, जिनकी जांच की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पुलिस उसकी गतिविधियों की प्रकृति की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या कोई जानकारी या सामग्री विदेशी खुफिया एजेंट के साथ साझा की गई थी।
सूत्रों ने बताया कि इस संबंध में शुक्रवार को गांधी नगर थाने में शासकीय गोपनीयता अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि तेलंगाना निवासी आरोपी महिला फिलहाल अपने पति के साथ जम्मू में रहती है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद जांच के सिलसिले में पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) स्तर के एक अधिकारी ने उससे पूछताछ की।
भाषा
शुभम सुरभि
सुरभि