Breaking News

यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

उत्तराखंड : हथियारों की तस्करी में शामिल दो लोग मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार

रुद्रपुर(उत्तराखंड), 18 अक्टूबर (भाषा) हथियारों की तस्करी में कथित तौर पर शामिल दो लोगों को ऊधम सिंह नगर जिले में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार, शनिवार को हुई इस मुठभेड़ में जवाबी गोलीबारी के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि दूसरे आरोपी को भी हिरासत में ले लिया गया।

पुलिस ने आरोपियों के पास से आठ अवैध आग्नेयास्त्र, आठ कारतूस, चार खोखे और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

अधिकारियों ने बताया कि यह घटना दिनेशपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत हुई, जहां एक विशेष अभियान समूह (एसओजी) और पुलिस की टीम महतोष-मकरंदपुर मार्ग पर जांच कर रही थी।

पुलिस ने बताया कि जांच के दौरान मोटरसाइकिल सवार दो संदिग्धों ने कथित तौर पर पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। इसके बाद जवाबी कार्रवाई में मनोज कुमार के बाएं पैर में गोली लगी। वहीं, दूसरे आरोपी की पहचान अनमोल यादव के रूप में हुई है।

उन्होंने बताया कि ये दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के रामपुर के रहने वाले हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने इन आग्नेयास्त्रों को 8,000 रुपये में बेचने की योजना बनाई थी। पुलिस इन हथियारों की आपूर्ति श्रृंखला की जांच कर रही है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति ने बताया कि पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि ये हथियार कहां खरीदे गए थे और इस गिरोह में कौन-कौन शामिल हैं।

भाषा प्रचेता सुभाष

सुभाष