नयी दिल्ली, 18 अक्टूबर (भाषा) अभिनेता प्रभास और अभिनेत्री तृप्ति डिमरी की आगामी फिल्म ‘स्पिरिट’ 29 अक्टूबर 2027 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
‘एनिमल’ और ‘कबीर सिंह’ जैसी फिल्में देने वाले संदीप रेड्डी वांगा ने इस फिल्म का निर्देशन किया है। इस फिल्म में वांगा और डिमरी फिर से साथ काम कर रहे हैं। दोनों ने इससे पहले 2023 में रिलीज हुई फिल्म ‘एनिमल’ में साथ काम किया था, जिसमें रणबीर कपूर मुख्य भूमिका में थे।
वांगा ने रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर ‘स्पिरिट’ का पोस्टर साझा करते हुए इसकी रिलीज की तारीख की घोषणा की। पोस्टर में प्रभास नजर आ रहे हैं।
उन्होंने पोस्ट साझा करते हुए लिखा, ‘‘स्पिरिट दिवाली पर 29 अक्टूबर 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।’’
‘स्पिरिट’ का निर्माण भूषण कुमार की कंपनी टी-सीरीज और वांगा की कंपनी भद्रकाली पिक्चर्स ने किया है।
यह प्रभास और डिमरी की एक साथ पहली फिल्म है। ‘स्पिरिट’ में प्रभास एक सख्त और आक्रामक पुलिस अधिकारी की भूमिका निभाएंगे।
खबरों के अनुसार, पहले इस फिल्म में दीपिका पादुकोण को लिया गया था, लेकिन बाद में कुछ मतभेदों के कारण वह फिल्म से अलग हो गईं। इन मतभेदों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। डिमरी के फिल्म में शामिल होने की घोषणा 2025 में की गई थी।
वांगा फिल्म ‘एनिमल’ के सीक्वल ‘एनिमल पार्क’ का भी निर्देशन करेंगे। ‘स्पिरिट’ के कारण इस फिल्म के निर्माण में देरी हुई है।
भाषा सिम्मी सुभाष
सुभाष