ढाका, 18 अक्टूबर (भाषा) बांग्लादेश में समुद्र तट के पास स्थित एक रिसॉर्ट में लगी आग में 10 लोगों की मौत के बाद उसके मालिक और प्रबंधक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। प्रबंधक को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि रिसॉर्ट का मालिक अब भी फरार है। रविवार को स्थानीय मीडिया की खबरों में यह जानकारी दी गयी।
'कॉक्स बाजार' जिले में स्थित 'टुपटुप रेस्टो एंड रिसॉर्ट' में आग लगने की घटना के संबंध में शनिवार रात एक पुलिस उपनिरीक्षक ने मामला दर्ज कराया।
रिसॉर्ट के मालिक तनवीर अहमद को मामले में मुख्य आरोपी बनाया गया है, जबकि प्रबंधक मोहम्मद सुमोन भी आरोपियों में शामिल है।
समाचार पोर्टल ‘बीडीन्यूज24 डॉट कॉम’ के अनुसार, उखिया थाने के प्रभारी अधिकारी अतिकुर रहमान मजूमदार ने मामला दर्ज किए जाने की पुष्टि की।
'ढाका ट्रिब्यून' की खबर के मुताबिक, शनिवार दोपहर घटनास्थल से हिरासत में लिए गए सुमोन को बाद में इस मामले में गिरफ्तार कर लिया गया।
'द डेली स्टार' ने थाना प्रभारी के हवाले से बताया कि मामले में चार लोगों को आरोपी बनाया गया है, जबकि 19 अन्य अज्ञात आरोपियों का भी उल्लेख किया गया है।
पुलिस अन्य आरोपियों को गिरफ्तार करने के लिए अभियान चला रही है, जबकि रिसॉर्ट के मालिक का अब तक पता नहीं चल पाया है।
उखिया के मरीन ड्राइव पर स्थित इस रिसॉर्ट में शनिवार सुबह आग लगी थी। यह स्थान राजधानी ढाका से करीब 410 किलोमीटर दूर स्थित एक लोकप्रिय समुद्र तटीय शहर है।
दमकल कर्मियों ने घटनास्थल से 10 शव बरामद किए। इनमें से छह एक ही परिवार के सदस्यों थे, जबकि कम से कम दो अन्य शवों की पहचान अब तक नहीं हो सकी है।
भाषा
शुभम प्रशांत
प्रशांत