नयी दिल्ली, 18 अक्टूबर (भाषा) ओटीटी मंच जियोहॉटस्टार ने नेपाल में अपनी 'स्ट्रीमिंग' सेवाएं शुरू करने के लिए डीजीओ के साथ साझेदारी की है।
एक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, इस साझेदारी के तहत जियोहॉटस्टार की सेवाओं का विस्तार होगा। इससे पहले यह सेवा ब्रिटेन, कनाडा, सिंगापुर और पश्चिम एशिया एवं उत्तरी अफ्रीका (एमईएनए) क्षेत्र में शुरू की जा चुकी है।
इस साझेदारी के तहत डीजीओ मंच पर जियोहॉटस्टार के लिए एक अलग खंड होगा, जिसमें फिल्में, टेलीविजन शो, रियेलिटी शो, बच्चों के लिए सामग्री सहित उसके अपने कार्यक्रम उपलब्ध होंगे।
इसमें ‘भेड़िया’, ‘ट्वेल्थ फेल’, ‘केसरी चैप्टर 2’, ‘सुपर 30’ और ‘वेलकम टू द जंगल’ जैसी फिल्में शामिल हैं। इसके अलावा, जियोहॉटस्टार के अपने कार्यक्रमों में ‘हुंकार’, ‘प्रीतम एंड पेड्रो’, ‘अली बाबा और 40 भूत’, ‘स्पेशल ऑप्स’ और ‘चिरैया’ सहित अन्य सामग्री भी उपलब्ध होगी।
जियोस्टार में अंतरराष्ट्रीय कारोबार के प्रमुख अमित मल्होत्रा ने कहा कि जियोहॉटस्टार का अंतरराष्ट्रीय विस्तार भारत में बनाई गई व्यापक सामग्री और विदेशों में भारतीय मनोरंजन की मांग को एक साथ जोड़ रहा है।
डीजीओ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रोशन निरौला ने कहा, ‘‘यह साझेदारी डीजीओ और नेपाल के मनोरंजन उद्योग के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। हमारा उद्देश्य नेपाली दर्शकों को हर दिन डीजीओ को चुनने की अधिक वजहें देना है, जिसमें जियोहॉटस्टार की फिल्मों और कार्यक्रम से लेकर हर हफ्ते एक नयी नेपाली फिल्म और लाइव अंतरराष्ट्रीय खेल शामिल हैं।”
भाषा प्रचेता प्रशांत
प्रशांत