नयी दिल्ली, 18 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में शीतला माता मंदिर के पास हुए हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि घायलों को हरसंभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मध्य प्रदेश के ग्वालियर में शीतला माता मंदिर के पास हुई घटना अत्यंत दुखद है। इस हादसे में अपने प्रियजनों को खोने वाले लोगों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘घायलों को हरसंभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मैं उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।’’
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने ग्वालियर में मंदिर के बाहर ट्रक की चपेट में आने से 14 श्रद्धालुओं की मौत के मामले में रविवार को ग्वालियर के नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) को हटाने और आठ अन्य पुलिसकर्मियों को निलंबित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों ने बताया कि शनिवार देर रात ग्वालियर जिले में शीतला माता मंदिर के बाहर तेज रफ्तार ट्रक ने कई श्रद्धालुओं को कुचल दिया और फिर मंदिर के प्रवेश द्वार से टकरा गया। हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि दो पुलिसकर्मियों समेत 28 लोग घायल हो गए। घायलों में से सात की हालत गंभीर है।
भाषा शफीक सुरेश
सुरेश