Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

अभिनेत्री कंगना रनौत ने लोक गायिका नेहा सिंह राठौर का समर्थन किया

नयी दिल्ली, 18 अक्टूबर (भाषा) अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने लोक गायिका नेहा सिंह राठौर का समर्थन करते हुए कहा कि राजनीतिक विचार अलग होने के बावजूद उनका मानना है कि टीआरपी के लिए किसी महिला की छवि खराब नहीं की जानी चाहिए।

राठौर और रनौत के बीच अक्सर वैचारिक मतभेद सामने आते रहे हैं। राठौर अपने व्यंग्यात्मक लोकगीतों के जरिए राजनीतिक मुद्दों पर टिप्पणी करती हैं और अक्सर भाजपा को निशाना बनाती हैं। हाल ही में एक समाचार चैनल ने राठौर के लिए कथित तौर पर अपमानजनक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए एक खबर प्रसारित की थी।

गायिका ने आरोप लगाया कि चैनल ने उन्हें यौनकर्मी के रूप में पेश करके उनकी छवि खराब करने की कोशिश की। उन्होंने रविवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट किया और रनौत से पूछा कि क्या वह इस मामले पर कुछ कहना चाहेंगी।

राठौर ने पोस्ट में लिखा, ‘‘कंगना रनौत जी, आपकी तरह मैं भी इस देश की बेटी हूं। हालांकि आपकी और मेरी विचारधारा में फर्क है, लेकिन यह फर्क हम दोनों के महिला होने के साझा सच को नहीं बदल सकता। एक चैनल ने जान-बूझकर मेरे खिलाफ फर्जी खबर चलाई और मुझे वेश्या कहा। यह झूठी खबर पूरे देश ने देखी और मेरा सम्मान आहत हुआ।’’

उन्होंने कहा, ‘‘आपके परिवार में भी आपकी बहनें होंगी! बच्चियां होंगी! क्या आपको उनके लिए डर नहीं लगता? क्या आपको इस बदमाशी पर कुछ भी नहीं कहना है?’’

रनौत ने इसके जवाब में एक पोस्ट में कहा कि टीआरपी के लिए किसी महिला की बदनामी करना बेहद घृणित है। उन्होंने कहा कि चैनल के प्रमुख को इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए।

रनौत ने कहा, ‘‘नेहा जी, आपके राजनीतिक विचार और समय-समय पर दिए जाने वाले आपके बयान मेरी राजनीतिक मान्यताओं से अलग हैं तथा मुझे स्वीकार्य नहीं हैं। हालांकि, टीआरपी के लिए किसी महिला की निराधार बदनामी करना बेहद घृणित है।’’

बाद में चैनल ने राठौर से माफी मांग ली।

भाषा शफीक नेत्रपाल

नेत्रपाल