Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

त्योहारों के समय में बदलाव के बावजूद सितंबर तिमाही में आभूषण कंपनियों की बिक्री मजबूत

नयी दिल्ली, 18 अक्टूबर (भाषा) प्रमुख सूचीबद्ध आभूषण कंपनियों ने सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 22 से 28 प्रतिशत तक राजस्व वृद्धि दर्ज की है। कंपनियों के इस प्रदर्शन को उपभोक्ताओं की मजबूत मांग, मौजूदा दुकानों की बिक्री में बढ़ोतरी और ग्राहकों के अधिक खर्च से समर्थन मिला। हालांकि, इस साल त्योहारी सत्र के समय में बदलाव आया है।

पी एन गाडगिल ज्वेलर्स, टाइटन, कल्याण ज्वेलर्स और पीसी ज्वेलर जैसी कंपनियों ने शेयर बाजारों को दी सूचना में कहा है कि उनके तिमाही कारोबार में दोहरे अंक की वृद्धि दर्ज हुई है। त्योहारों के समय में बदलाव के बावजूद सितंबर तिमाही में सोने और जड़ाऊ आभूषणों की मांग मजबूत बनी रही।

कल्याण ज्वेलर्स ने वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में भारत में अपने कारोबार के राजस्व में करीब 27 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की। इस दौरान मौजूदा दुकानों की बिक्री लगभग 20 प्रतिशत बढ़ी। कंपनी के अंतरराष्ट्रीय कारोबार में 18 प्रतिशत की वृद्धि हुई, जबकि उसके लाइफस्टाइल आभूषण ब्रांड ‘कैंडियर’ का राजस्व 64 प्रतिशत बढ़ गया।

कंपनी ने कहा, ‘‘हाल में समाप्त हुई तिमाही हमारे लिए काफी संतोषजनक रही। इस दौरान पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में एकीकृत राजस्व में 26 प्रतिशत से अधिक वृद्धि दर्ज की गई।’’

पी एन गाडगिल ज्वेलर्स ने भी वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में अच्छे प्रदर्शन की जानकारी दी। कंपनी का राजस्व इस दौरान पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 22.4 प्रतिशत बढ़ा।

कंपनी ने कहा, ‘‘खुदरा कारोबार में सालाना आधार पर 31.1 प्रतिशत वृद्धि हुई। इसमें मौजूदा दुकानों की बिक्री में 25.5 प्रतिशत की मजबूत बढ़ोतरी की प्रमुख भूमिका रही। यह वृद्धि मुख्य रूप से मौजूदा दुकानों पर ग्राहकों के साथ बेहतर जुड़ाव के कारण हुई।’’

कंपनी के फ्रेंचाइजी कारोबार में 34.7 प्रतिशत वृद्धि हुई, जबकि कम मार्जिन वाले सोने के सिक्कों की बिक्री से हटकर अधिक मार्जिन वाले आभूषणों पर ध्यान देने की रणनीति के कारण ई-कॉमर्स राजस्व में 83.6 प्रतिशत गिरावट आई।

तनिष्क, मिया, जोया, बेयॉन और कैरेटलेन जैसे आभूषण ब्रांड का संचालन करने वाली टाइटन ने अपने आभूषण कारोबार में करीब 21 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की।

टाइटन ने कहा कि आभूषण खरीदने वाले ग्राहकों की संख्या में एकल अंक के मध्य स्तर तक वृद्धि हुई, जबकि प्रति खरीद औसत खर्च में दोहरे अंक में बढ़ोतरी दर्ज की गई।

दिल्ली की कंपनी पीसी ज्वेलर ने एकीकृत राजस्व में करीब 28 प्रतिशत वृद्धि दर्ज की।

भाषा योगेश अजय

अजय