कोलकाता, 18 अक्टूबर (भाषा) केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार सुबह उस निजी अस्पताल में पहुंचे, जहां उत्तरी कोलकाता के एक दुर्गा पूजा पंडाल में मची भगदड़ में घायल हुए 14 लोगों का इलाज किया जा रहा है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।
पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी इस दौरान शाह के साथ थे।
राज्य सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि शाह ने चिकित्सकों से बात की और घायलों के इलाज के बारे में जानकारी ली।
अधिकारी ने बताया कि गृह मंत्री ने अस्पताल में इलाज करा रहे तीन मरीजों से बातचीत भी की।
उत्तरी कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम बारिश के बीच अचानक भीड़ बढ़ने से भगदड़ मच गई थी, जिसमें कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई और 25 अन्य घायल हो गए।
इससे पहले शाह ने रविवार सुबह कालीघाट मंदिर में पूजा-अर्चना की और फिर अस्पताल पहुंचे।
पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे पर आए शाह ने इस हादसे के बाद दुर्गा पूजा पंडालों में जाने के अपने निर्धारित कार्यक्रम रद्द कर दिए थे।
अधिकारियों ने बताया कि शाह मरीजों और चिकित्सकों से मुलाकात करने के बाद नयी दिल्ली रवाना हो गए।
भाषा सिम्मी देवेंद्र
देवेंद्र