Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

कोलकाता के दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ से मरने लोगों में से एक बिहार का रहने वाला था: शुभेंदु

कोलकाता, 18 अक्टूबर (भाषा) पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने रविवार को कहा कि चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में भगदड़ के दौरान जान गंवाने वाले 19 लोगों में से 18 राज्य के विभिन्न हिस्सों के रहने वाले थे, जबकि एक व्यक्ति बिहार के मुजफ्फरपुर का निवासी था।

राज्य के सीआईडी मुख्यालय भवानी भवन में उच्चस्तरीय बैठक के बाद शुभेंदु ने कहा कि पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमने शव संबंधित परिजनों को सौंपने के लिए मजिस्ट्रेट और डीएसपी रैंक के अधिकारियों को नियुक्त किया है। अंतिम संस्कार पूरा होने तक ये अधिकारी मृतकों के परिवारों के साथ रहेंगे।’’

शुभेंदु ने कहा कि वह भगदड़ में मारे गए लोगों के परिजनों से 20 और 21 अक्टूबर को मुलाकात करेंगे, उन्हें सांत्वना देंगे और 25-25 लाख रुपये की मुआवजा राशि के चेक सौंपेंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्गा पूजा पंडाल भगदड़ मामले की जांच के लिए गठित एसआईटी से कोलकाता पुलिस, कोलकाता नगर निगम (केएमसी) और दमकल विभाग के उन कर्मियों को बाहर रखा गया है, जिनकी भूमिका की जांच की जानी है।

उत्तरी कोलकाता के चोरबागान दुर्गा पूजा पंडाल में शनिवार शाम बारिश के बीच अचानक भीड़ बढ़ने से भगदड़ मच गई थी, जिसमें कम से कम 19 लोगों की मौत हो गई और 25 अन्य घायल हो गए।

भाषा

देवेंद्र नेत्रपाल

नेत्रपाल