जयपुर, 18 अक्टूबर (भाषा) राजस्थान के अलवर जिले में रविवार को एक महिला ने अपने दो नाबालिग बच्चों पर कथित तौर पर कैंची से हमला कर उनकी हत्या कर दी और फिर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने यह जानकारी दी।
पुलिस के अनुसार, घटना खेरली कस्बे के पास दांतिया गांव में हुई। महिला उषा शर्मा अपनी चार वर्षीय बेटी नंदिनी के घर से बाहर खेलने जाने के कारण नाराज हो गई, जिसके बाद उसने अपने बेटे मुकुल (5) और बेटी पर कैंची से हमला कर दिया।
पुलिस के अनुसार, उषा दोनों बच्चों को एक कमरे में ले गई और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। इसके बाद, उसने बच्चों पर कैंची से हमला किया और खुद को भी घायल कर लिया।
पुलिस ने बताया कि बच्चों की चीख सुनकर ग्रामीण महिला के घर पहुंचे और दरवाजा तोड़कर कमरे के अंदर घुसे। वहां उन्हें उषा और उसके दोनों बच्चे घायल अवस्था में मिले। वहीं, घर पर मौजूद उषा की छोटी बहन मनीषा यह दृश्य देखकर घबरा गई और उसने दीवार तथा फर्श पर सिर पटककर खुद को घायल कर लिया।
पुलिस ने बताया, ग्रामीण चारों को खेरली के उपजिला अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मुकुल को मृत घोषित कर दिया। उपचार के दौरान उषा और नंदिनी की भी मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मनीषा को जिला अस्पताल रेफर किया गया है।
पुलिस ने बताया कि उषा का पति अमित शर्मा गुजरात में एक निजी कंपनी में काम करता है, जबकि मनीषा का पति अंकित शर्मा जयपुर के एक निजी अस्पताल में चिकित्साकर्मी है।
घटना की सूचना मिलने पर कठूमर क्षेत्राधिकारी जोगेंद्र सिंह राजावत और खेरली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। शव खेरली अस्पताल के शवगृह में रखवाए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
भाषा
बाकोलिया सुभाष
सुभाष