Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

चार्ल्स मटाटा ने कोर्स रिकॉर्ड के साथ जीता पुरुषों का खिताब, अलेमु बनीं महिला चैंपियन

(तस्वीरों के साथ)

नयी दिल्ली, 18 अक्टूबर (भाषा) कीनिया के चार्ल्स मटाटा ने नया कोर्स रिकॉर्ड कायम करते हुए रविवार को वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन के पुरुष एलीट वर्ग का खिताब अपने नाम किया, जबकि इथियोपिया की वुडिनेश अलेमु महिला वर्ग की चैंपियन बनीं।

राष्ट्रीय राजधानी की सड़कों पर इस प्रतिष्ठित दौड़ में करीब 40 हजार लोगों ने हिस्सा लिया।

मटाटा ने 58 मिनट 52 सेकंड में दौड़ पूरी कर वर्ष 2020 में इथियोपिया के अमेदेवोर्क वालेलेग्न के बनाए 58 मिनट 53 सेकंड के रिकॉर्ड को एक सेकंड से पीछे छोड़ दिया। यह मटाटा का हाफ मैराथन में व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी रहा। उन्होंने इसी साल मई में बनाए गए 59 मिनट 15 सेकंड के अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ समय को पीछे छोड़ दिया।

इस 29 साल के धावक ने खुशी जाहिर करते हुए कहा, “मैं पूरी तैयारी के साथ दिल्ली आया था और अपनी फिटनेस भी बरकरार रखी थी।’’

उन्होंने कहा, “मुझे उम्मीद थी कि मैं 59 मिनट के अंदर दौड़ पूरी करूंगा, लेकिन मौसम अनुकूल रहने और 2023 में इस कोर्स पर दौड़ने के अनुभव से मुझे और बेहतर प्रदर्शन करने तथा नया कोर्स रिकॉर्ड बनाने में मदद मिली। मेरा मानना है कि इंसान के लिए कुछ भी असंभव नहीं है और मैं खुद को आगे भी बेहतर करने के लिए चुनौती देने को तैयार हूं।’’

मटाटा का नया कोर्स रिकॉर्ड बनाना इसलिए भी खास रहा, क्योंकि दौड़ के दौरान करीब 90 प्रतिशत आर्द्रता और 21 डिग्री सेल्सियस तापमान लंबी दूरी की दौड़ के लिए अनुकूल नहीं था। वह इससे पहले 2023 के सत्र में एक घंटा पांच सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे।

इस उपलब्धि के लिए उन्हें विजेता की 27,000 डॉलर (करीब 25.64 लाख रुपये) की पुरस्कार राशि के अलावा रिकॉर्ड तोड़ने पर 12,000 डॉलर (करीब 11.40 लाख रुपये) अतिरिक्त मिलेंगे।

दिलचस्प बात यह है कि मटाटा के जुड़वां भाई एलेक्स मटाटा ने वर्ष 2025 में 59 मिनट 50 सेकंड के समय के साथ यह खिताब जीता था।

इस साल मई में चार्ल्स मटाटा ने लातविया में रीगा हाफ मैराथन का खिताब 59 मिनट 15 सेकंड के समय के साथ जीता था। इससे पहले अप्रैल में इस्तांबुल हाफ मैराथन में उन्हें अपने जुड़वां भाई एलेक्स मटाटा के खिलाफ फोटो फिनिश में दूसरे स्थान से संतोष करना पड़ा था। दोनों धावकों का समय एक घंटा और एक सेकंड दर्ज किया गया था। मटाटा ने पिछले साल बीजिंग हाफ मैराथन का खिताब भी जीता था।

पुरुष एलीट वर्ग में कीनिया के धावकों का दबदबा रहा। सैमवेल न्यामाई मेलू ने 59 मिनट 24 सेकंड के समय के साथ दूसरा, जबकि स्टेनली वाइथाका म्बुरू ने 59 मिनट 33 सेकंड में दौड़ पूरी कर तीसरा स्थान हासिल किया।

महिला एलीट वर्ग में इथियोपिया की वुडिनेश अलेमु ने एक घंटा छह मिनट 35 सेकंड में दौड़ पूरी कर खिताब जीता। कीनिया की सेलाह बुसिनेई एक घंटा सात मिनट एक सेकंड के समय के साथ दूसरे और सिंथिया चेलंगाट चेपक्वोनी एक घंटा सात मिनट 32 सेकंड में दौड़ पूरी कर तीसरे स्थान पर रहीं।

अलेमु ने कहा, ‘‘मैं अपने प्रदर्शन से बेहद खुश हूं। मैंने शुरुआत से ही मजबूत दौड़ लगाई और पूरी रेस के दौरान अपनी गति बनाए रखी। यह मेरी दूसरी अंतरराष्ट्रीय हाफ मैराथन है और मैंने अपने पिछले सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन में लगभग दो मिनट का सुधार किया है। इससे मुझे बहुत खुशी हुई है।’’

शैलेश कुशवाहा ने भारतीय पुरुष एलीट वर्ग में एक घंटा पांच मिनट पांच सेकंड के समय के साथ पहला स्थान हासिल किया। गौरव माथुर एक घंटा पांच मिनट 11 सेकंड के साथ दूसरे और हेमंत कुमार एक घंटा पांच मिनट 37 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

कुशवाहा ने कहा, ‘‘मैं 65वीं राष्ट्रीय ओपन एथलेटिक्स चैंपियनशिप-2026 में अपने प्रदर्शन से खुश नहीं था, इसलिए इस दौड़ में अपना सर्वश्रेष्ठ देने के लिए उत्सुक था। शुरुआत में ही बढ़त बनाकर अधिकांश समय आगे दौड़ते रहने के लिए काफी आत्मविश्वास की जरूरत होती है, लेकिन आज मैं ऐसा कर सका।’’

भारतीय महिला एलीट वर्ग में अंकिता ध्यानी ने एक घंटा 12 मिनट 46 सेकंड में दौड़ पूरी कर शीर्ष स्थान हासिल किया। सोनिया एक घंटा 14 मिनट 56 सेकंड के साथ दूसरे और भागीरथी एक घंटा 15 मिनट 51 सेकंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहीं।

अंकिता ने कहा, ‘‘मैं अच्छी ट्रेनिंग कर रही हूं और सच कहूं तो जिस तरह से मेरा अभ्यास चल रहा है, उसे देखते हुए मुझे लगता है कि मैं इससे थोड़ा बेहतर प्रदर्शन कर सकती थी। अगर भारतीय महिलाएं हाफ मैराथन पर अधिक ध्यान दें, तो जल्द ही हम राष्ट्रीय रिकॉर्ड टूटते हुए देखेंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘मुझे बहुत खुशी है कि पोडियम पर जगह बनाने वाली हम तीनों खिलाड़ी उत्तराखंड से हैं। राज्य हमें काफी सहयोग देता है और हम इस उपलब्धि से खुश हैं।’’

वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन 2026 में कुल 2,75,732 डॉलर की पुरस्कार राशि रखी गई थी। पुरुष और महिला एलीट वर्ग के विजेताओं को 27,000-27,000 डॉलर दिये गये। भारतीय एलीट पुरुष और महिला वर्ग में शीर्ष तीन स्थान हासिल करने वाले धावकों को क्रमशः 3.50 लाख, 2.50 लाख और 1.50 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।

विश्व एथलेटिक्स गोल्ड लेबल रेस में हिस्सा लेने के लिए राष्ट्रीय राजधानी की सड़कों पर 40,000 से अधिक धावक उतरे।

मध्य दिल्ली की सड़कों पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के कुछ ही दिन बाद रविवार को हाफ मैराथन में बड़ी संख्या में लोग उमड़े। यह राष्ट्रीय राजधानी के सबसे प्रतिष्ठित खेल आयोजनों में से एक है।

वेदांता दिल्ली हाफ मैराथन के आयोजक प्रोकेम इंटरनेशनल ने शुक्रवार को संशोधित मार्ग की घोषणा की थी। इसके तहत धावक रेल भवन, संसद मार्ग और पटेल चौक से होकर नहीं गुजरे। ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जारी विरोध प्रदर्शनों के मद्देनजर यह बदलाव किया था। इन तीनों प्रमुख स्थानों पर भारी पुलिस बैरिकेडिंग की गई थी। ये स्थान पिछले सत्रों में पारंपरिक दौड़ मार्ग का हिस्सा रहे थे।

प्रतियोगिता के 21वें सत्र की शुरुआत सुबह 5:18 बजे पुरुष एलीट हाफ मैराथन के साथ हुई। इसके बाद सुबह 5:20 बजे महिला एलीट वर्ग की दौड़ शुरू हुई। हाफ मैराथन और पुलिस कप दौड़ सुबह 5:30 बजे, दिव्यांग चैंपियन और वरिष्ठ नागरिकों की दौड़ सुबह 6:30 बजे, ओपन 10 किलोमीटर दौड़ सुबह 7:35 बजे, कॉरपोरेट दौड़ सुबह नौ बजे और ग्रेट दिल्ली रन सुबह 9:05 बजे शुरू हुई।

इस अवसर पर केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रीजीजू, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष ((सीडीएस) जनरल एनएस राजा सुब्रमणि और विश्व एथलेटिक्स के उपाध्यक्ष आदिल सुमारीवाला भी मौजूद रहे। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ग्रेट दिल्ली रन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने भी हाफ मैराथन में हिस्सा लिया।

बहामास की दो बार की ओलंपिक चैंपियन शॉनाए मिलर-उइबो दिल्ली हाफ मैराथन की अंतरराष्ट्रीय ब्रांड एंबेसडर हैं।

भाषा आनन्द पंत

पंत