Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

केरलम में 500 से अधिक स्पा में छापेमारी, पांच गिरफ्तार

तिरुवनंतपुरम, 18 अक्टूबर (भाषा) केरलम पुलिस ने एक विशेष अभियान के तहत 586 स्पा में छापेमारी की और इस दौरान पांच लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के एक बयान के अनुसार, राज्य में संचालित कुल 821 स्पा में से 586 का शनिवार को निरीक्षण किया गया। इस दौरान नियमों के कथित उल्लंघन के सिलसिले में 14 मामले दर्ज किए गए।

बयान में कहा गया कि ‘ऑपरेशन स्पा’ नाम से चलाया गया यह विशेष अभियान अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) पी. विजयन के निर्देश पर आयोजित किया गया।

पुलिस के मुताबिक, सबसे अधिक छापेमारी और गिरफ्तारियां कोझिकोड शहर में हुईं। वहां 87 में से 70 स्पा की जांच की गई, जिसके बाद चार मामले दर्ज किए गए और चार लोगों को गिरफ्तार किया गया।

बयान के अनुसार, मलप्पुरम जिले में 78 में से 71, त्रिशूर जिले में 58 में से 56 और पलक्कड़ जिले में 71 में से 55 स्पा में छापेमारी की गई।

पुलिस ने बताया कि पथनमथिट्टा और अलाप्पुझा में तीन-तीन, एर्णाकुलम ग्रामीण में दो तथा कोट्टयम और इडुक्की जिलों में एक-एक मामला दर्ज किया गया।

बयान में कहा गया कि नियमों का पालन नहीं करने वाले 44 स्पा को नोटिस भी जारी किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, एडीजीपी ने नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी चेतावनी दी है।

भाषा प्रचेता सुरेश

सुरेश