लखनऊ, 18 अक्टूबर (भाषा) उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दशहरा से पहले रविवार को कई स्थानों पर ऐसे होर्डिंग लगाए गए जिनमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव और अमेरिका के उद्यमी एलन मस्क समेत कई लोगों को रावण के विभिन्न सिरों के रूप में दर्शाया गया।
‘सनातन रक्षा संगठन’ की ओर से लगाए गए इन होर्डिंग पर ‘रावण, सनातन भारत के शत्रु’ शीर्षक लिखा है। ये होर्डिंग शहर के प्रमुख इलाकों, खासकर हजरतगंज और गोमती नगर में लगाये गये।
इन पोस्टर में राहुल गांधी और अखिलेश यादव के अलावा उच्चतम न्यायालय के अधिवक्ता प्रशांत भूषण, बांग्लादेश के अर्थशास्त्री मुहम्मद यूनुस, माफिया से नेता बने मुख्तार अंसारी और अतीक अहमद, सपा नेता आजम खान, अमेरिकी सांसद इल्हान उमर तथा अरबपति निवेशक जॉर्ज सोरोस की तस्वीरें भी शामिल थीं।
अतीक अहमद की अप्रैल 2023 में प्रयागराज में पुलिस हिरासत के दौरान हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। वहीं, मुख्तार अंसारी की मार्च 2024 में उत्तर प्रदेश की जेल में मौत हो गई थी।
हालांकि होर्डिंग सामने आने के बाद सपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें हटा दिया।
होर्डिंग लगाए जाने और बाद में हटाए जाने के संबंध में संगठन या संबंधित राजनीतिक नेताओं की ओर से तत्काल कोई विस्तृत प्रतिक्रिया सामने नहीं आई।
भाषा चंदन सलीम नेत्रपाल सुरभि
सुरभि