एडमंटन (कनाडा), 18 अक्टूबर (एपी) कनाडा के अल्बर्टा प्रांत में स्थित एक सैन्य अड्डे पर भीषण आग लग गई, जिसमें कुछ लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए। कनाडा के रक्षा मंत्री ने शनिवार को यह जानकारी दी।
खबरों के अनुसार, बड़ी संख्या में घायलों को अस्पतालों में पहुंचाया जा रहा है।
तेज हवाओं के कारण आग कनाडाई सैन्य अड्डे सीएफबी वेनराइट से आगे आसपास के ग्रामीण इलाकों तक फैल गई। दमकलकर्मी देर रात तक आग बुझाने में जुटे रहे।
हादसे में कितने लोग हताहत हुए हैं, इसकी तत्काल जानकारी नहीं मिल सकी लेकिन सैन्य अड्डे से 180 किलोमीटर उत्तर-पश्चिम में स्थित एडमंटन शहर के एक अस्पताल के चिकित्सक ने कनाडा के राष्ट्रीय प्रसारक को बताया कि बड़ी संख्या में मरीजों को शहर के विभिन्न अस्पतालों में लाया जा रहा है क्योंकि सैन्य अड्डे के आसपास के अस्पतालों में मरीजों की संख्या इतनी बढ़ गई है कि वहां उनका इलाज करना मुश्किल हो गया है।
रॉयल एलेक्जेंड्रा अस्पताल के आपातकालीन विभाग के चिकित्सक वॉरेन थर्स्क ने ‘सीबीसी न्यूज’ से कहा, ‘‘मरीजों की संख्या इतनी अधिक है कि एडमंटन शहर के अस्पतालों के लिए भी उन्हें संभालना मुश्किल होगा। मरीजों की संख्या इतनी ज्यादा है कि फिलहाल हममें से कोई भी उन्हें गिनना नहीं चाहेगा। यह एक आपदा है। ऐसी आपदा 15 से 25 वर्ष में एक बार आती है।’’
सैन्य अड्डे के पास स्थित वेनराइट कस्बे की आबादी लगभग 7,000 है।
रक्षा मंत्री डेविड मैकगिंटी ने बताया कि रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस घटना की जांच कर रही है। उन्होंने स्थिति को ‘‘बेहद संवेदनशील और लगातार बदलती हुई’’ बताया। उन्होंने कहा कि प्राधिकारी अब भी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर क्या हुआ था तथा इस बारे में आगे और जानकारी दी जाएगी।
रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस ने बताया कि शनिवार शाम चार बजे के कुछ देर बाद सैन्य अड्डे के प्रशिक्षण क्षेत्र में आग लगने की सूचना मिलने पर पुलिसकर्मियों को वहां भेजा गया था।
दमकलकर्मियों को आग बुझाने में काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। शनिवार को प्रांत के बड़े हिस्से में तेज आंधी चली और हवा की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई।
वेनराइट के नगरपालिका प्रशासन ने रात 11 बजे सोशल मीडिया पर बताया कि आग को फैलने से रोक लिया गया है और संपत्तियों एवं महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे सुरक्षित हैं। स्थानीय निवासियों को अपने घर खाली करने का कोई आदेश नहीं दिया गया है।
सस्केचेवान प्रांत के सरकार प्रमुख (प्रीमियर) स्कॉट मो ने कहा कि उनका प्रांत अल्बर्टा को सहायता भेज रहा है।
इससे पहले कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा था, ‘‘हमारी संवेदनाएं इस घटना से प्रभावित सभी वीर महिलाओं एवं पुरुष सैन्यकर्मियों के साथ हैं।’’
अल्बर्टा प्रांत की सरकार प्रमुख (प्रीमियर) डेनियल स्मिथ ने आग लगने की घटना को ‘‘गंभीर और दुखद’’ बताया और कहा कि इससे कई सैन्यकर्मी प्रभावित हुए हैं।
सीएफबी वेनराइट कनाडा के सबसे व्यस्त सैन्य प्रशिक्षण अड्डों में से एक है, जहां सैनिकों को युद्ध अभियानों के लिए तैयार किया जाता है।
कनाडा के विपक्षी दल कंजर्वेटिव पार्टी के नेता पियरे पोइलिव्रे ने कहा कि उन्होंने आग से प्रभावित लोगों को सहायता देने के संबंध में कार्नी और रक्षा मंत्री से बात की है।
पोइलिव्रे ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आप सभी वेनराइट के लिए प्रार्थना करें।’’
उन्होंने इलाके के लोगों से आपातकालीन निर्देशों का पालन करने और बचावकर्मियों के लिए सड़कें खाली रखने की अपील की।
इस हादसे के कारण सोमवार को होने वाले जनमत संग्रह से पहले जारी मतदान भी प्रभावित हुआ। जनमत संग्रह में इस बात पर मतदान होना है कि क्या अल्बर्टा को कनाडा से अलग होकर स्वतंत्र होने की दिशा में प्रक्रिया शुरू करनी चाहिए।
‘इलेक्शंस अल्बर्टा’ ने बताया कि लॉयडमिन्स्टर और वर्मिलियन में दो मतदान केंद्र शनिवार को समय से पहले बंद कर दिए गए और मतपत्रों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचा दिया गया।
एपी
सिम्मी देवेंद्र
देवेंद्र