नयी दिल्ली, 18 अक्टूबर (भाषा) तमिल फिल्मों के जाने माने अभिनेता रजनीकांत अभिनीत ‘जेलर 2’ ने रिलीज के शुरुआती तीन दिन में दुनियाभर में बॉक्स ऑफिस पर 321 करोड़ रुपये की कमाई की है।
फिल्म का निर्देशन नेल्सन दिलीपकुमार ने किया है। दिलीपकुमार ने ही 2023 में रिलीज हुई इसकी पहली फिल्म ‘जेलर’ का निर्देशन किया था। ‘जेलर 2’ बृहस्पतिवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। इसका निर्माण कलानिधि ने सन पिक्चर्स के बैनर तले किया है।
फिल्मों की कमाई पर नजर रखने वाली वेबसाइट ‘सैकनिल्क’ के अनुसार, फिल्म ने पहले दिन 125.25 करोड़ रुपये, दूसरे दिन 85.4 करोड़ रुपये और तीसरे दिन 110.35 करोड़ रुपये की कमाई की। भारत में फिल्म की कुल कमाई 169 करोड़ रुपये रही है।
‘जेलर’ की कहानी रजनीकांत के किरदार मुथुवेल पांडियन के इर्द-गिर्द घूमती है। पांडियन एक सेवानिवृत्त जेलर है, जो नौकरी छोड़ने के बाद अपने परिवार के साथ शांतिपूर्ण जीवन बिताता है लेकिन बाद में मूर्ति तस्करी गिरोह की जांच कर रहा उसका ईमानदार पुलिस अधिकारी बेटा लापता हो जाता है और उसे मृत मान लिया जाता है।
‘जेलर 2’ में पांडियन को अपने अतीत से जुड़ी घटनाओं का सामना करना पड़ता है। इस दौरान उसे अपने परिवार की रक्षा करने के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर फैले एक नए खतरनाक आपराधिक गिरोह का मुकाबला करना पड़ता है।
फिल्म में रजनीकांत के अलावा विद्या बालन, एस. जे. सूर्या, राम्या कृष्णन और सूरज वेंजारामूडु भी हैं।
इसके अलावा मोहनलाल, शिव राजकुमार और ऋतिक रोशन समेत कई कलाकार विशेष भूमिकाओं में हैं।
भाषा सिम्मी नेत्रपाल
नेत्रपाल