हैदराबाद, 18 अक्टूबर (भाषा) अहमदाबाद से हैदराबाद आ रहे एक विमान में 12 वर्षीय लड़की द्वारा कथित तौर पर बम होने की बात कहे जाने के बाद यहां राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय (आरजीआईए) हवाई अड्डे पर सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया, हालांकि बाद में पाया गया कि छात्रा ने बिना सोचे-समझे यह बात कही थी। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी।
सातवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा अन्य विद्यार्थियों और शिक्षकों के साथ शनिवार को स्कूल की ‘ट्रिप’ से हैदराबाद लौट रही थी। उसने एक सहपाठी से कहा कि ‘‘विमान में बम है’’।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि यह सुनने के बाद चालक दल के एक सदस्य ने पायलट को इसकी जानकारी दी।
अधिकारी के अनुसार, हैदराबाद में उतरने के बाद सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत विमान की गहन जांच की गई लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।
अधिकारी ने कहा, ‘‘छात्रा नाबालिग है, इसलिए कोई मामला दर्ज नहीं किया गया। उसके शिक्षकों ने उसे समझाया है। उसने बिना सोचे-समझे यह बात कही थी और धमकी देने का उसका कोई इरादा नहीं था।’’
भाषा शोभना नेत्रपाल
नेत्रपाल