जयपुर, 17 अक्टूबर (भाषा) चक्का फेंक एथलीट भारतप्रीत सिंह और पोल वॉल्ट खिलाड़ी नितिका अनुप ने छठी इंडियन ओपन अंडर-23 एथलेटिक्स प्रतियोगिता के दूसरे दिन शनिवार को यहां अपने-अपने स्पर्धाओं में नये मीट रिकॉर्ड कायम किये।
पुरुषों की चक्का फेंक स्पर्धा में भारतप्रीत सिंह ने शानदार वापसी करते हुए 54.70 मीटर की दूरी के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने 2024 में अभिमन्यु द्वारा बनाए गए 53.66 मीटर के पिछले मीट रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया।
इस रोमांचक स्पर्धा में हिमाचल प्रदेश के वैभव मध्य चरण तक बढ़त बनाए हुए थे, लेकिन अंत में उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा। वैभव ने 53.65 मीटर का सर्वश्रेष्ठ थ्रो किया। राजस्थान के रवि ने 51.26 मीटर की दूरी के साथ कांस्य पदक जीता।
महिलाओं की पोल वॉल्ट स्पर्धा में मध्य प्रदेश की नितिका अनुप ने भी रिकॉर्ड प्रदर्शन किया। उन्होंने 4.15 मीटर की ऊंचाई पार कर स्वर्ण पदक जीता और 2022 में तमिलनाडु की पवित्रा द्वारा बनाए गए 4.00 मीटर के पिछले मीट रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता