वेटिकन सिटी, 17 अक्टूबर (एपी) पोप लियो 14वें को फेफड़ों के कैंसर की सर्जरी के चार दिन बाद शनिवार को अस्पताल से छुट्टी दी जायेगी। वेटिकन ने यह घोषणा की।
चिकित्सकों ने संदिग्ध कैंसर वाली गांठ मिलने के बाद 71 वर्षीय पोप के दाएं फेफड़े का निचला हिस्सा निकाल दिया था। जांच में एडेनोकार्सिनोमा की पुष्टि हुई, जो फेफड़ों के कैंसर का सबसे आम प्रकार है।
उनके निजी चिकित्सक और सर्जन ने एक बयान में कहा कि शनिवार सुबह की गई रक्त जांच और छाती के एक्स-रे की रिपोर्टों के साथ-साथ उनकी चिकित्सकीय स्थिति के आकलन के आधार पर पोप लियो को “अस्पताल से छुट्टी देने के लिए उपयुक्त पाया गया।”
वेटिकन ने एक बयान में कहा कि उन्हें आज अस्पताल से छुट्टी मिलने और उनके वेटिकन लौटने की उम्मीद है।
लियो ने पिछले रविवार को सेंट पीटर स्क्वायर में एकत्र लोगों को बताया था कि चिकित्सकों ने उनके फेफड़े में एक गांठ का पता लगाया है और उसे निकाल दिया जाएगा।
मंगलवार को हुई सर्जरी में कैंसर की पुष्टि होने के बाद से, लियो ने कई बार संकेत दिया कि वह अच्छी तरह स्वस्थ हो रहे हैं।
वेटिकन ने 13 अक्टूबर को हुई सर्जरी के बाद शुक्रवार को पोप की पहली तस्वीरें जारी कीं।
एपी
देवेंद्र पवनेश
पवनेश