Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

प्रशांत किशोर ने ‘सम्राट को गोली मारने’ संबंधी टिप्पणी पर मामला दर्ज करने की चुनौती दी

(फाइल फोटो के साथ)

पटना, 17 अक्टूबर (भाषा) सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा प्रशांत किशोर पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को ‘‘गोली मारने की धमकी’’ देने का आरोप लगाए जाने के एक दिन बाद, शनिवार को जन सुराज पार्टी के संस्थापक ने राज्य सरकार को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की चुनौती दी।

भाजपा ने वीडियो क्लिप का हवाला देते हुए किशोर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को धमकी देने का आरोप लगाया है। नालंदा जिले में पत्रकारों ने जब इस विवाद पर किशोर की प्रतिक्रिया जाननी चाही, तो उन्होंने अपना रुख स्पष्ट किया।

बांकीपुर से विधायक ने आरोप लगाया, ‘‘मेरी बातों को संदर्भ से हटाकर तोड़-मरोड़कर पेश नहीं किया जाना चाहिए। मैं हमेशा से कहता आया हूं कि सम्राट चौधरी अशिक्षित हैं, उन्होंने सातवीं कक्षा के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी और उनका आपराधिक अतीत रहा है। सात लोगों की हत्या के एक मामले में उनका नाम आया था।’’

किशोर ने कहा, ‘‘मैंने न्यायेतर हत्याओं का विरोध किया था। मैंने कहा था कि अगर किसी व्यक्ति के खिलाफ संबंधित थाने में स्थानीय सांसद या विधायक की शिकायत मिलने भर से उसे अपराधी घोषित कर गोली मारी जा सकती है, तो यही मापदंड सम्राट चौधरी पर भी लागू किया जाना चाहिए।’’

भाजपा ने शुक्रवार को किशोर पर मुख्यमंत्री को ‘‘गोली मारने की धमकी’’ देने का आरोप लगाया और उनसे माफी मांगने की मांग की।

भाजपा ने किशोर की टिप्पणियों पर आपत्ति जताई। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में किशोर को इस साल की शुरुआत में चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद से राज्य में कथित तौर पर ‘‘एनकाउंटर राज’’ की आलोचना करते सुना जा सकता है।

जन सुराज पार्टी के संस्थापक किशोर ने कहा, ‘‘अगर मैंने कुछ गलत कहा है, तो सम्राट चौधरी के नेतृत्व वाली सरकार मेरे खिलाफ मामला दर्ज करे।’’

किशोर ने विधान परिषद चुनाव में आठ सीटें जीतने के लिए जन सुराज पार्टी द्वारा मतदाताओं को रिश्वत देने के भाजपा के प्रदेश मीडिया सेल प्रभारी दानिश इकबाल के आरोप का भी मजाक उड़ाया। इकबाल ने दावा किया था कि सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में पार्टी की प्रचार सामग्री के साथ ‘‘500 रुपये के नोटों की गड्डियां’’ दिखाई दे रही थीं।

पूर्व चुनावी रणनीतिकार ने कहा, ‘‘मैं भाजपा के किसी पदाधिकारी से यह उम्मीद नहीं कर सकता कि वह हमारे बारे में अच्छी बातें कहेगा। फिर भी, देश और राज्य में सत्ता में रहने वाली और बड़े-बड़े पूंजीपतियों द्वारा समर्थित पार्टी का हम पर पैसे बांटने का आरोप लगाना बेतुका है। जिसे भी दिलचस्पी हो, वह वीडियो की प्रामाणिकता की जांच करा ले।’’

किशोर ने जद (यू) विधायक अनंत कुमार सिंह की विवादित टिप्पणी पर भी कुछ कहने से इनकार कर दिया। सिंह ने दावा किया है कि राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के शासनकाल में नीतीश कुमार से उनकी नजदीकी के कारण उनके परिवार के नौ सदस्यों की हत्या कर दी गई थी।

भाषा आशीष अविनाश

अविनाश