Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

एसबीआई को लगातार दूसरे साल मिला दुनिया के सर्वश्रेष्ठ उपभोक्ता बैंक का पुरस्कार

नयी दिल्ली, 17 अक्टूबर (भाषा) भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) को ग्लोबल फाइनेंस पत्रिका ने लगातार दूसरे साल ‘विश्व का सर्वश्रेष्ठ उपभोक्ता बैंक 2026’ पुरस्कार से सम्मानित किया है।

देश के सबसे बड़े ऋणदाता एसबीआई ने बयान में कहा कि यह सम्मान डिजिटल नवाचार, बेहतर सेवा और समावेशी विकास के प्रति प्रतिबद्धता के जरिये ग्राहक-केंद्रित बैंकिंग में वैश्विक मानक स्थापित करने की उसकी निरंतर सफलता को दर्शाता है।

बैंक को यह पुरस्कार थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक में अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की वार्षिक बैठक से इतर आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया।

इस अवसर पर एसबीआई के चेयरमैन सी एस शेट्टी ने कहा कि बैंक में जारी बदलावों, खासकर डिजिटल क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का उद्देश्य बड़े पैमाने पर लोगों को भरोसेमंद डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि डिजिटल क्षमताओं में सुधार से बैंक अधिक लोगों तक पहुंचने और उन्हें तेजी से सेवाएं देने में सक्षम हुआ है। वहीं, बैंक के कर्मचारी यह सुनिश्चित करते हैं कि बैंकिंग सेवाएं व्यक्तिगत जरूरतों के अनुरूप, सुलभ और भरोसेमंद बनी रहें।

इस दौरान बैंक ने नया योनो मंच शुरू किया और योनो पर पंजीकृत उपयोगकर्ताओं की संख्या 10 करोड़ के पार पहुंच गई। इसके अलावा, बैंक ने कृत्रिम मेधा (एआई) आधारित ग्राहक सेवाएं और व्यक्तिगत जरूरतों के अनुरूप डिजिटल सुविधाएं भी शुरू कीं। एसबीआई ने देशभर में 300 से अधिक नई शाखाएं खोलकर अपनी पहुंच का भी विस्तार किया है।

भाषा यासिर पाण्डेय

पाण्डेय