नयी दिल्ली, 17 अक्टूबर (भाषा) हरियाणा की खुशी कादियान ने लड़कियों की अंडर-16 युगल खिताब जीतने के एक दिन बाद शनिवार को यहां अंडर-16 और अंडर-14 एकल वर्ग में दबदबा कायम करते हुए राष्ट्रीय टेनिस चैंपियनशिप में खिताबी हैट्रिक पूरी की।
खुशी ने दिन की शुरुआत अंडर-16 एकल फाइनल में संघर्षपूर्ण जीत के साथ की। उन्होंने रंजना संग्राम को 7-6 (7-3), 7-5 से हराया।
उन्होंने इसके बाद अंडर-14 वर्ग के फाइनल में दूसरी वरीयता प्राप्त सिद्धि पांडे को एक घंटे 16 मिनट में 6-3, 6-2 से हराकर खिताब अपने नाम किया।
चंडीगढ़ के रिभव सरोहा ने भी दो खिताब अपने नाम किए।
उन्होंने पिछले सप्ताह जीते अंडर-18 खिताब के बाद अब लड़कों के अंडर-16 वर्ग का खिताब भी जीत लिया। शीर्ष वरीयता प्राप्त सरोहा ने फाइनल में गैरवरीय यशविन दहिया को एक घंटे 32 मिनट में 6-2, 6-3 से शिकस्त दी।
कर्नाटक के पुनीत मनोहर ने लड़कों के अंडर-14 वर्ग में दोहरा खिताब हासिल किया। उन्होंने शुक्रवार को जीते युगल खिताब के बाद शनिवार को एकल खिताब भी अपने नाम किया। दूसरी वरीयता प्राप्त मनोहर ने फाइनल में पांचवीं वरीयता प्राप्त एस. चिंतागुंटा को एक घंटे 28 मिनट में 6-3, 6-2 से हराया।
भाषा आनन्द नमिता
नमिता