Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

एआई से बनी तस्वीरों और वीडियो को लेकर अभिनेत्री नेहा शर्मा ने दी कानूनी कार्रवाई की चेतावनी

नयी दिल्ली, 17 अक्टूबर (भाषा) अभिनेत्री नेहा शर्मा ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) से बनाई गई तस्वीरों और वीडियो में उनके चेहरे का अनधिकृत इस्तेमाल करने वालों को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है।

अभिनेत्री ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट साझा कर एआई से बनाई गई ऐसी सामग्री को ‘‘अस्वीकार्य’’ करार देते हुए लोगों से इसे ऑनलाइन साझा करना बंद करने की अपील की।

अभिनेत्री ने अपने पोस्ट में लिखा, “मेरी सहमति के बिना मेरे चेहरे या मेरी छवि का इस्तेमाल करके एआई से वीडियो या तस्वीरें बनाने वाले सभी लोगों को चेतावनी दी जाती है कि वे इसे तुरंत बंद करें। पहले से पोस्ट की गई ऐसी सभी सामग्री हटा लें और मेरी पहचान का इस्तेमाल करके एआई से कोई और वीडियो या तस्वीर बनाने, उसमें बदलाव करने या उसे प्रसारित करने से बचें।''

उन्होंने आगे कहा, “मेरे चेहरे का इस तरह इस्तेमाल करके मुझे गलत रूप में पेश करना या मेरी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाना पूरी तरह अस्वीकार्य है। ”

शर्मा ने कहा कि वह इस मामले में कानूनी कार्रवाई करेंगी।

उन्होंने लिखा, ‘‘इसे औपचारिक चेतावनी समझें। ऐसी सामग्री बनाने, पोस्ट करने या प्रसारित करने के लिए जिम्मेदार प्रत्येक व्यक्ति के खिलाफ मैं कानूनी कार्रवाई करूंगी। किसी को यह नहीं मानना चाहिए कि फर्जी अकाउंट के पीछे छिपने या एआई का इस्तेमाल करने से वह जवाबदेही से बच जाएगा। इसे अभी हटाएं। आपको चेतावनी दी जा चुकी है।’’

मशहूर हस्तियों की एआई से बनाई गई तस्वीरें और वीडियो गंभीर चिंता का विषय बन गए हैं। ऑनलाइन मंचों पर ऐसी सामग्री के सामने आने के मामले लगातार बढ़ रहे हैं।

अभिनेत्री रश्मिका मंदाना, कैटरीना कैफ, रणवीर सिंह और आलिया भट्ट समेत कई हस्तियां 'डीपफेक' सामग्री का शिकार हो चुकी हैं।

मंदाना ने 2023 में उनके चेहरे वाला एक डीपफेक वीडियो ऑनलाइन सामने आने के बाद इस मुद्दे पर सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा की थी। उन्होंने ऐसी सामग्री को ‘‘बेहद डरावना’’ बताया था।

अभिनेता अमिताभ बच्चन और नागा चैतन्य समेत कई हस्तियों ने उस समय अभिनेत्री का समर्थन किया था।

भाषा रवि कांत रवि कांत पवनेश

पवनेश