Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

पंजाब में मादक पदार्थों की समस्या पर लगाम लगाने में 'आप' सरकार पूरी तरह विफल : नायब सैनी

चंडीगढ़, 17 अक्टूबर (भाषा) हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर निशाना साधते हुए शनिवार को आरोप लगाया कि सत्ता में आने से पहले उसने मादक पदार्थों की समस्या खत्म करने का वादा किया था, लेकिन इस पर लगाम लगाने में वह पूरी तरह विफल रही है।

सैनी ने यहां संवाददाताओं से कहा कि आम आदमी पार्टी ने तीन से छह महीने के भीतर पंजाब में मादक पदार्थों की समस्या खत्म करने का वादा कर वोट मांगे थे। उन्होंने आरोप लगाया कि यह समस्या खत्म होने के बजाय और बढ़ गई।

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान पर कटाक्ष करते हुए सैनी ने कहा कि आप सरकार ने अपने पांच साल केवल ‘‘हंसी-मजाक करने’’ में बिता दिए।

उन्होंने मादक पदार्थों की समस्या को लेकर मान सरकार की आलोचना करते हुए कहा, ‘‘आप सरकार ने कुछ नहीं किया।’’

पंजाब के मानसा में मादक पदार्थों के खिलाफ अभियान चलाने वाले कार्यकर्ता परविंदर सिंह झोटा की हत्या के बारे में पूछे जाने पर सैनी ने इसे गंभीर और संवेदनशील मुद्दा बताया।

सैनी ने कहा कि झोटा ने कई बार सरकारी अधिकारियों को मादक पदार्थों की समस्या के बारे में बताया था, क्योंकि इसके कारण युवाओं का जीवन बर्बाद हो रहा था।

उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘लेकिन सरकार ने कुछ नहीं किया। उसने केवल भ्रष्टाचार किया। लोग इससे परेशान हो चुके हैं।’’

मादक पदार्थों और दवा की दुकानों पर नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री के खिलाफ आवाज उठाने वाले झोटा की मंगलवार को मानसा के मेडिकल स्टोर के भीतर दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

आरोप है कि झोटा ने एक बुजुर्ग व्यक्ति को नशीली दवाएं बेचने पर दुकान संचालक अश्विनी कुमार से सवाल किया था, जिसके बाद उसने झोटा पर गोली चला दी। पुलिस ने अश्विनी कुमार को राजस्थान के सालासर से हिरासत में लिया था।

झोटा घटना के समय फेसबुक पर लाइव प्रसारण कर रहे थे। इस घटना के बाद पंजाब में राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। राज्य में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं।

भाषा रवि कांत रवि कांत अविनाश

अविनाश