Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

जेलेंस्की ने समर्थकों से रूस पर अमेरिकी प्रतिबंधों को बरकरार रखने के लिए दबाव बनाने का आग्रह किया

कीव, 17 अक्टूबर (एपी) यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शनिवार को समर्थकों से रूस के खिलाफ नये अमेरिकी प्रतिबंधों के समर्थन में आवाज उठाने की अपील की।

जेलेंस्की की प्रतिक्रिया उस वक्त आई, जब कुछ घंटे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर कर रूस की अर्थव्यवस्था को निशाना बनाने वाले व्यापक प्रतिबंधों को फिलहाल रोक दिया।

व्हाइट हाउस के इस फैसले से सर्दियां नजदीक आने के साथ यूक्रेन पर रूस के हमले तेज होने की आशंका और बढ़ गई है।

अधिकारियों ने बताया कि रातभर रूस के हमलों में एक एंबुलेंस चालक समेत कम से कम चार लोगों की मौत हो गई और दर्जनों लोग घायल हुए।

वहीं, रूसी अधिकारियों के अनुसार, यूक्रेन के ड्रोन हमलों में रूस के सीमावर्ती क्षेत्र में एक महिला की मौत हो गई और मॉस्को के हवाई अड्डों पर उड़ानें बाधित हुईं।

जेलेंस्की ने अमेरिकी प्रतिबंधों को रोकने के फैसले को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। हालांकि, हाल के दिनों में यूक्रेन और वाशिंगटन के बीच बढ़ते तनाव के बावजूद उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति की सीधे तौर पर आलोचना नहीं की।

जेलेंस्की ने सोशल मीडिया पर लिखा, ‘‘अमेरिका में दुर्भाग्य से लिंडसे ग्राहम अधिनियम को पूरी तरह नजरअंदाज करने का फैसला किया गया। इस कानून के तहत रूस पर वास्तव में प्रभावी दबाव बनाया जाना था, ताकि इस युद्ध को समाप्त किया जा सके।’’

उन्होंने उम्मीद जताई कि नए प्रतिबंधों को फिर से लागू किया जा सकता है।

जेलेंस्की ने कहा, ‘‘यह कानून अब भी बहुत मददगार साबित हो सकता है! लेकिन इसे वास्तव में प्रभावी होना होगा और इसके समर्थन में उठाये जाने वाली हर आवाज मायने रखती है।’’

एपी

शफीक सुभाष

सुभाष