Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

पीएनबी ने सार्वजनिक बैंकों, वित्तीय संस्थानों के लिए आरक्षण नीति पर कार्यशाला की मेजबानी की

नयी दिल्ली, 17 अक्टूबर (भाषा) पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) ने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, सरकारी बीमा कंपनियों, क्षेत्रीय नियामकों और सार्वजनिक वित्तीय संस्थानों में सरकार की आरक्षण नीति के क्रियान्वयन पर दो दिवसीय कार्यशाला की मेजबानी की।

पीएनबी ने शनिवार को जारी एक बयान में बताया कि यह दो दिवसीय कार्यशाला इस सप्ताह की शुरुआत में पंचकूला स्थित उसके कर्मचारी प्रशिक्षण केंद्र में आयोजित की गई थी।

बयान के अनुसार वित्त मंत्रालय के वित्तीय सेवाएं विभाग (डीएफएस) द्वारा आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य सार्वजनिक वित्तीय परिवेश में आरक्षण नीतियों और कल्याणकारी उपायों के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए संस्थागत क्षमता को मजबूत करना था।

उद्घाटन के दिन 100 से अधिक प्रतिनिधियों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इनमें भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई), पेंशन निधि विनियामक और विकास प्राधिकरण (पीएफआरडीए), भारतीय बीमा विनियामक और विकास प्राधिकरण (इरडा), बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान (आईबीपीएस) के वरिष्ठ मानव संसाधन प्रमुख और मुख्य संपर्क अधिकारी शामिल थे।

इसके अलावा डीएफएस के तहत आने वाले सभी 12 सार्वजनिक बैंकों, सात बीमा कंपनियों और सात वित्तीय संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भी इसमें हिस्सा लिया।

भाषा पाण्डेय

पाण्डेय