Breaking News

मुंबई के कुर्ला में 13 मंजिला इमारत में लगी आग, 3 बच्चों समेत 9 लोग घायल     |   यूक्रेन: कीव में रूसी हवाई हमले में 3 लोगों की मौत, 6 घायल     |   कोलंबिया में सोने की खदान ढही, 6 मजदूरों की मौत; 12 से 15 लापता     |   टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के बाद बरेली में दिशा पाटनी के घर की सुरक्षा बढ़ाई गई     |  

दिल्ली में ऑनलाइन खाद्य सामग्री डिलीवरी केंद्रों में खराब हो चुके उत्पाद, कीट मिले

नयी दिल्ली, 17 अक्टूबर (भाषा) दिल्ली में त्योहारों के मौसम से पहले की गई जांच के दौरान ऑनलाइन फूड डिलीवरी और खुदरा कंपनियों के खाद्य भंडारण केंद्रों में खराब हो चुकीं हरी मटर, ग्रीक योगर्ट और ब्राउनी मिलीं और मक्खियां, मच्छर, यहां तक कि एक छिपकली भी मिली। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

दिल्ली सरकार के खाद्य सुरक्षा विभाग की जांच में कई जगहों पर खाद्य पदार्थों को अस्वच्छ परिस्थितियों में रखा गया था। इसके अलावा, कीटों से बचाव के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे और कई परिसरों में निर्धारित तापमान बनाए रखने में भी लापरवाही पाई गई।

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने अधिकारियों को बाजारों, खाद्य भंडारण केंद्रों और खाद्य उत्पादों की आपूर्ति करने वाले प्रतिष्ठानों की निगरानी सख्त करने का निर्देश दिया है।

एक आधिकारिक बयान में कहा गया, “जांच के दौरान कई परिसरों में निर्धारित तापमान बनाए रखने में लापरवाही पाई गई। देसी घी के जांचे गए 59 नमूनों में से 19 असुरक्षित पाए गए, जबकि चार खाद्य सुरक्षा मानकों पर खरे नहीं उतरे। सामने आईं खामियों के आधार पर नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा रही है।”

मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, उत्तम नगर में एक खाद्य प्रतिष्ठान के परिसर में अधिकारियों को ऐसी फ्रोजन हरी मटर, ग्रीक योगर्ट, बिना अंडे वाली चॉकलेट चिप ब्राउनी और गाय के दूध से बने घी के उत्पाद मिले, जिनके इस्तेमाल की अवधि खत्म हो चुकी थी।

वजीरपुर औद्योगिक क्षेत्र में एक अन्य प्रतिष्ठान के परिसर में मक्खियां, मच्छर और एक छिपकली मिली। वहां मकड़ी के जाले भी दिखे।

बयान में कहा गया कि सफाई का ‘शेड्यूल’ और उससे जुड़ी चेकलिस्ट भी उपलब्ध नहीं थी।

भाषा जोहेब पवनेश

पवनेश