कोलकाता, 17 अक्टूबर (भाषा) पश्चिम बंगाल में शनिवार को ‘नवपत्रिका’ के पारंपरिक स्नान के साथ दुर्गा पूजा की शुरुआत हुई। मौसम अनुकूल रहने के कारण पंडालों में मां दुर्गा के दर्शन करने के लिए अधिक संख्या में लोग पहुंचे।
‘नवपत्रिका’ का अर्थ नौ पौधों के समूह से है। दुर्गा पूजा आयोजकों ने साड़ी में लिपटी ‘नवपत्रिका’ को धार्मिक रीति-रिवाज के अनुसार स्नान कराने के लिए गंगा और अन्य नदियों तथा जलाशयों के तटों की ओर रुख किया।
कोलकाता में सुबह से ही पंडालों में लोगों के आने का सिलसिला शुरू हो गया था। मौसम अनुकूल रहने के कारण बड़ी संख्या में लोग शहर में भव्य रूप से सजाए गए पूजा पंडालों को देखने के लिए निकले।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस मौके पर लोगों को शुभकामनाएं दीं, जबकि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य भी शहर के विभिन्न दुर्गा पूजा पंडालों में गये।
इस वर्ष महा सप्तमी के अनुष्ठान दो दिन तक चलेंगे।
सप्ताहांत होने के कारण त्योहार का उत्साह और बढ़ गया है। शाम के समय प्रमुख पूजा पंडालों में भीड़ बढ़ने की उम्मीद है।
भाषा
देवेंद्र पवनेश
पवनेश