पालघर, 17 अक्टूबर (भाषा) महाराष्ट्र के पालघर जिले में अपने घर के बाहर खेल रहा दो साल का एक बच्चा फिसलकर नौ फुट गहरे खुले नाले में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह घटना बृहस्पतिवार को वसई पूर्व क्षेत्र स्थित विहार कॉलोनी में हुई, जब बच्चा अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था।
उन्होंने बताया कि स्थानीय युवकों ने बच्चे अंकुश सहदेव तुरिया को नाले से बाहर निकाला। इस नाले में तुंगारेश्वर की पहाड़ियों और गोलानी नाका औद्योगिक क्षेत्र से निकला पानी बहकर आता है।
अधिकारी के अनुसार, बच्चे के पिता उसे तुरंत नागरिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वालीव थाना के उप-निरीक्षक प्रवीण जगताप ने बताया कि इस संबंध में दुर्घटनावश हुई मौत का मामला दर्ज कर घटना की जांच शुरू कर दी गई है।
भाषा सुमित अविनाश
अविनाश